Etawah Accident: ओवरटेक के चक्कर में कंटेनर में घुसी बाइक, एक की मौत और तीन की हालत गंभीर, सैफई रेफर
Etawah News: इटावा में शादी से लौट रहे चार दोस्त ओवरटेक करने के चक्कर में कंटेनर में पीछे से घुस गए, जिसमें बाइक चालक की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें पुलिस ने सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
विस्तार
इटावा जिले के जसवंतनगर में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित कचौरा बाईपास मार्ग पर बुधवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें शादी समारोह से लौट रहे चार बाइक सवार ओवरटेक करने में भूसा लदे कंटेनर में में पीछे से घुस गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के करीब 30 मिनट बाद पेट्रोलिंग पुलिस टीम घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को सैफई रेफर कर दिया गया। बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। नगला खुशाली निवासी रईस पाल (25) मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। मंगलवार को वह बाइक से गांव के दोस्त रंजीत (35), पंकज (25) और अजीत (28) के साथ आगरा के बाह क्षेत्र में शादी में शामिल होने गया था। वहां शादी में शामिल होने के बाद बुधवार तड़के करीब तीन बजे घर लौट रहा था।
पेट्रोलिंग टीम ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया
आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित कचौरा बाईपास मार्ग पर पर बाइक चालक रईस पाल ने भूसे लदे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान उसकी बाइक पीछे से ट्रक में घुस गई। इसमें बाइक पर सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। इस दौरान करीब 30 मिनट बाद पेट्रोलिंग टीम एसआई शुभम वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी जसवंतनगर में भर्ती कराया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
यहां डॉक्टर ने रईस पाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रंजीत, पंकज और अजीत को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत होने पर उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक युवक के तीन भाई व दो बहनें है। अभी तक अविवाहित था। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नेशनल हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही चालक को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।