दर्दनाक हादसा: बुजुर्ग दंपती की दम घुटने से मौत, अंगीठी जलाकर कमरे में सोए थे दोनों, बेटे की हालत भी गंभीर
Hardoi News: मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में अंगीठी जलाकर कमरे में सोए बुजुर्ग दंपती की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं, साथ सोए बेटे की हालत भी गंभीर है, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है।
विस्तार
हरदोई जिले के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां कड़ाके की सर्दी से राहत पाने को अंगीठी जलाकर कमरे में सोए बुजुर्ग दंपती की दम घुटने से मौत हो गई। साथ ही, सोए पुत्र की हालत भी बिगड़ गई। उसका इलाज एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां चल रहा है।
मल्लावां कस्बे के मोहलला बंदीपुर निवासी गुलाम रब्बानी (90) उनकी पत्नी कुबेरा (85) और पुत्र इमरान उर्फ गुड्डू (35) शनिवार रात एक ही कमरे में अलग-अलग तख्त और बेड पर सोए थे। रात में अधिक सर्दी होने के कारण अंगीठी को जलते कोयले के साथ कमरे के ही अंदर रख लिया।
कमरे में कोई खिड़की न होने और रोशनदान बंद होने की वजह से कमरे में धुआं भर गया। धुआं भरने के कारण दम घुट जाने से गुलाम रब्बानी और कुबेरा की मौत हो गई, जबकि ऑक्सीजन का स्तर कम हो जाने से गुड्डू भी बेहोश हो गया। दूसरे कमरों में सो रहे रब्बानी के पुत्र पप्पू और इरफान रविवार सुबह सोकर उठे।
पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इन्कार किया
उन्होंने पिता के कमरे के दरवाजे पर दस्तक दी। जवाब न मिलने पर पड़ोसियों की मदद से रोशनदान तोड़कर देखा, तो कमरे से धुएं का गुबार बाहर निकला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर से तीनों लोगों को बाहर निकला। तब तक रब्बानी और कुबेरा की मौत हो चुकी थी, जबकि गुड्डू बेहोश था। उसे एक प्राइवेट चिकित्सक के पास ले जाया गया जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है।