Jalaun: पंखे के करंट से वृद्ध दंपती की मौत, दो मौतों से परिजनों में मचा कोहराम, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज
Jalaun News: कोंच कस्बे में पंखे के करंट से वृद्ध दंपती की मौत हो गई। पति को बचाने के चक्कर में पत्नी भी करंट की चपेट में आ गई थी। एक साथ दो मौतों से इलाके में हड़कंप मच गया।
विस्तार
जालौन जिले के कोंच कस्बे में पंखे के करंट की चपेट में आकर वृद्ध दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। एक साथ दो मौतों से गांव में हड़कंप मच गया। गांव का एक व्यक्ति उनके बेटे को बुलाने आया, तो उसने देखा कि दोनों मृत अवस्था में जमीन पर पड़े हैं। उसने बाहर आकर घटना की सूचना ग्रामीणों को दी।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुरा में उस समय हड़कंप मच जब पंखे के करंट से एक साथ दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। लालता वर्मा (60) पुत्र मुलू वर्मा शनिवार की सुबह फर्राटा पंखे को चालू कर रहे थे। तभी पंखे के करंट की चपेट में आकर चिपक गया।
पति को बचाने के चक्कर में पत्नी शांति देवी (55) ने उसे पकड़ा, तो वह भी करंट की चपेट में आ गई। घर में और कोई न होने के कारण दंपती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना का पता तब चला जब सुबह गांव का एक व्यक्ति लगभग साढ़े आठ बजे उनके पुत्र देशराज को बुलाने आया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
उसने देखा कि कमरे में बुजुर्ग दंपती मृत अवस्था में पड़े हैं। उसने बाहर आकर ग्रामीणों व परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि मृतक के तीन शादीशुदा पुत्र हैं, जिनमें दो पुत्र रामकुमार व शिवकुमार बाहर रहते हैं। वहीं, तीसरा देशराज गांव में दूसरे मकान में रहता है।