उरई: बिजली विभाग की टीम बनकर पहुंचे फर्जी युवक, दुकान पर अवैध वसूली और मारपीट, ग्रामीणों ने खदेड़ा
Orai News: कैलिया क्षेत्र के नरी गांव में बिजली विभाग के फर्जी कर्मचारी बनकर पहुंचे कुछ युवकों ने दुकान पर चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली और मारपीट का प्रयास किया। ग्रामीणों के विरोध करने पर आरोपी मौके से भाग निकले, जिसके बाद पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
विस्तार
उरई जिले में थाना कैलिया क्षेत्र के नरी गांव में बिजली विभाग की टीम बनकर पहुंचे कुछ युवकों ने कथित तौर पर अवैध वसूली का प्रयास किया। विरोध करने पर दुकानदार के साथ अभद्रता और मारपीट की गई। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने युवकों का विरोध किया, तो वे मौके से भाग निकले।
शिकायतकर्ता माता प्रसाद हरबान के अनुसार, 10 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे कुछ अज्ञात युवक यूपी 92 एपी 6696 नंबर की गाड़ी से उनकी दुकान पर पहुंचे। युवकों ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए दुकान की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान विरोध करने पर उन्होंने अभद्रता और मारपीट की।
आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग
शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवकों को खदेड़ दिया। पीड़ित ने थाना कैलिया पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।