Hamirpur: क्षुब्ध किशोरी ने फंदा लगाकर दी जान, पिता ने घर में पढ़ाई करने का कहा था, जांच में जुटी पुलिस
Hamirpur News: भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र में एक किशोरी ने फंदा लगाकर जान दे दी। पिता ने उससे घर में पढ़ाई करने को कहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के पत्योरा ग्राम पंचायत में एक 13 वर्षीय किशोरी को पिता ने पढ़ाई करने को कहा। इतना कहने से किशोरी ने क्षुब्ध होकर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
थाना क्षेत्र के पत्योरा ग्राम पंचायत के मजरा मुच्छीताला निवासी रतिराम निषाद ने बताया कि उसकी बेटी राखी निषाद (13) ने बीते शनिवार रात सूने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह जब वह लोग जगे, तो उसको फंदे पर लटका देखा। इसके बाद किशोरी के पिता ने पत्योरा चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी। मृतका के पिता रतीराम ने बताया कि उन्होंने बीती शाम को बेटी से पढ़ाई करने को कहा था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
शायद इस बात से वह नाराज हो गई। बताया कि जब घर के लोग सो गए उसके बाद पुत्री ने आत्मघाती कदम उठाते हुए फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी इंचार्ज भानू प्रताप ने बताया कि किशोरी के फंदा लगाने की वजह पिता की डांट सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।