हमीरपुर में दर्दनाक हादसा: हाईवे में लोडर और ट्रक की सीधी भिडंत, एक की मौत और दो घायल
सुमेरपुर कस्बे से सरसों का तेल लादकर कानपुर जा रहे लोडर और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हमीरपुर जिले के कानपुर-सागर हाईवे में यमुना पुल के पार लोडर व ट्रक में सीधी टक्कर हो गई। इसमें लोडर सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक सहित दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पीएनसी के कर्मियों सभी को लोडर से निकालकर एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, जनपद कानपुर देहात के गजनेर थानाक्षेत्र के रटगांव निवासी चालक उमेश पांडेय (35) पुत्र देवशंकर पांडेय अपने पड़ोसी प्रदीप (30) व पतारा गांव निवासी रिश्तेदार राहुल शुक्ला (40) पुत्र शिवशरण लोडर लेकर भरुआसुमेरपुर कस्बे से सरसों का तेल लेने आए थे।
दोपहर में लोडर में चार ड्रम सरसों का तेल लादकर वापस कानपुर जा रहे थे। तभी रास्ते में यमुना पुल पार हाईवे में सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे लोडर का आगे का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इसमें बैठे सभी लोग फंस गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस व पीएनसी कर्मियों ने सभी को बाहर निकाला।
इसमें एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने एम्बुलेंस 108 को सूचना दी। इस पर पायलट शिवम और एलटी प्रमोद कुमार ने एम्बुलेंस में सभी को लादकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल शुक्ला का एक हाथ बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया।
उधर घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। कोतवाल दुर्गविजय ने बताया कि घटना सजेती थाना क्षेत्र की है। थाना पुलिस को अवगत कराया दिया गया है। वहीं शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजेगी।