Kanpur: रावतपुर गांव सहित कई इलाकों में फैला डायरिया, लोगों ने कहा-नगर निगम के नकारेपन से बढ़ रही बीमारी
रावतपुर गांव के आनंद नगर में डायरिया से एक युवक की मौत हो गई है। वहीं, सैकड़ों लोग बुखार और डायरिया का इलाज करा रहे हैं। प्रशासन की लापरवाही से परेशान क्षेत्रीय लोगों ने आज विरोध प्रदर्शन किया। एडीएम, सीएमओ समेत कई अधिकारी आनंद नगर पहुंचे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के रावतपुर गांव में शुक्रवार को डायरिया फैलने से एक युवक की मौत हो गई। बच्चों सहित 50 से ज्यादा लोग बीमार हैं। सार्वजनिक सबमर्सिबल पंप का पानी संक्रमित होने और इस वजह से डायरिया फैलने की आशंका जताई जा रही है। सीएमओ ने यहां पर स्वास्थ्य शिविर लगवाया। 50 मरीजों को दवाएं दी गईं। घर-घर क्लोरीन की गोलियां बांटी गईं। बाल रोग चिकित्सालय में भी डायरिया, निमोनिया, मैनिनजाइटिस, बुखार से पीड़ित बच्चे भर्ती हुए हैं।
रावतपुर गांव में 18 अगस्त से ही कई लोगों को दस्त होने लगे थे। इसी क्षेत्र में रहने वाले विनय (35) की सुबह हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में हैलट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक रंजन मौके पर पहुंचे। सीएमओ ने डायरिया से मृत्यु और कई अन्य के बीमार होने की पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि लोगों को क्लोरीन की गोलियों को पानी में डालने और पानी उबालकर पीने की अपील की गई है। सार्वजनिक सबमर्सिबल की टंकी के पानी की जांच और सफाई के लिए जलकल विभाग से कहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संखवार ने बताया कि सफाई कर्मियों की टीम भेजकर नालियों, सड़कों की सफाई व शाम को फॉगिंग भी कराई गई।
लोग बोले- नगर निगम के नकारेपन से फैला है डायरिया
रावतपुर गांव समेत शहर के कई इलाकों में डायरिया तेजी से फैल रहा है। मुन्ना नाम के युवक की मौत के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वहीं, पुरानी बस्ती में एक महीने में 30 से ज्यादा सुअरों की मौत हो चुकी है। इस लापरहवाही के प्रति लोग जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि नगर निगम के नकारेपन से इलाके में डायरिया, वायरल फीवर जैसी बीमारियां फैल रहीं हैं। नगर निगम द्वारा नाला और नाली की सफाई न कराए जाने से बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। बता दें कि सार्वजनिक सबमर्सिबल का पानी संक्रमित होने की आशंका भी जताई जा रही है।
रावतपुर गांव में डायरिया फैलने के विरोध में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर एडीएम, सीएमओ, अन्य अधिकारी, पार्षद और विधायक पहुंचे हैं। इस दौरान पार्षद जितेंद्र गांधी पर इलाकाई लोग भड़क गए। लोगों ने सफाई निरीक्षक के साथ पार्षद की मिलीभगत का आरोप लगाया। इसके चलते ही, आनंद नगर में सफाई नहीं कराई जाती है। जनता के विरोध पर पार्षद जितेंद्र गांधी कुशवाहा बिना कुछ कहे निकल गए।
जिलाधिकारी भी पहुंचे, अधिकारियों को दिया निर्देश
जिलाधिकारी विशाख जी ने भी आज रावतपुर गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लगाकर घर-घर सर्वे करते हुए समस्त घरों में क्लोरीन की गोलियों और ओआरएस का वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने डोर टू डोर सर्वे के लिए सिविल डिफेन्स टीम को भी तैनात करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि मेडिकल कैंप रावतपुर में 24 घंटे खोला जाए। साथ ही मौके पर एक एम्बुलेंस को स्टेशन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की हालत गंभीर है, उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया जाए। संपूर्ण क्षेत्र में दवा का छिड़काव किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने अपर नगर आयुक्त को निर्देशित करते हुए कहा कि समस्त क्षेत्र में अभियान चलाकर सफाई कराई जाए, जिसकी निगरानी नगर स्वस्थ्य अधिकारी स्वयं देखें। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि केवल जल कल विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले टैंकर के पानी का गई प्रयोग करें। समस्त कार्य की निगरानी सुनिश्चित किए जाने हेतु अपर नगर मजिस्ट्रेट-6 को निर्देश दिए गए हैं।