Auraiya: मल्हौसी मंदिर के पीछे मिला युवक का शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका, शिनाख्त में जुटी पुलिस
Auraiya Crime News: बेला थाना क्षेत्र में मां काली मंदिर के पास युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दुकानदारों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
विस्तार
औरैया जिले में बेला थाना क्षेत्र के ग्राम मल्हौसी स्थित मां काली मंदिर के पीछे शुक्रवार सुबह कूड़े के ढेर में एक युवक का शव मिला। मेला परिसर में दुकान लगाए दुकानदारों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर शव को कब्जे में लिया है।
मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। इधर लोगों में हत्या कर शव फेंके जाने की चर्चा रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार सुबह मंदिर परिसर में लगी दुकानों के दुकानदार शौंच के लिए मैदान की तरफ गए तो उन्हें कूड़े के ढेर में युवक का शव पड़ा मिला।
दुकानदारों की सूचना पर बेला थानाध्यक्ष सुधीर भरद्वाज पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने दुकानदारों से छानबीन कर युवक के बारे में जानकारी जुटाई। आस पास के लोग मृतक की शिनाख्त नहीं कर सके। बता दें कि मल्हौसी स्थित मां काली मंदिर पर गुरुवार सुबह से देर रात तक जवांरे व झंडा चढ़ते रहे।
पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है शव
परिसर में मेले का आयोजन भी किया गया था। मेले में काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। पुलिस आस पास आए युवकों से भी जानकारी जुटी रही है। थानाध्यक्ष सुधीर भरद्वाज ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है। शरीर पर पीली शर्ट व क्रीम कलर का पैंट पहने हुए है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।