Banda Suicide: घर में फंदे से लटका मिला मजदूर का शव, भाई बोला- पत्नी से परेशान होकर की आत्महत्या
पैलानी थाना क्षेत्र के खरेई गांव में मजदूर का शव फंदे से लटका मिला है। मृतक के भाई ने पत्नी से परेशान होकर जाने देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
बांदा जिले के खप्टिहा कलां कोतवाली क्षेत्र में घर पर अकेले युवक का शव फंदा से लटका मिला। मृतक के भाई ने पत्नी से परेशान होकर भाई द्वारा आत्महत्या करने की बात कही है। मृतक हैदराबाद में मजदूरी करता था, वह दो माह पहले घर आया था।
पैलानी थाना क्षेत्र के खरेई गांव में शनिवार सुबह करीब आठ बजे केशव प्रसाद (28) पुत्र रघुराई प्रजापति का घर की कोठरी में धन्नी से रस्सी के फंदा से शव लटका मिला। सुबह पिता खेत पर पानी लगाने गया था और बड़ा भाई मुन्नूलाल जो राजमिस्त्री है, गांव में ही एक जगह काम करने गया था।
मृतक के परिजन के मुताबिक केशव की पत्नी करीब साढ़े सात बजे घर से कुछ दूरी पर लगे इंडिया मार्का हैंडपंप से पानी भरने गई थी। पति कोठरी में ही लेटा था। लगभग आधा घंटे बाद वह पानी भरकर लौटी तो पति का शव लटका देख चीख पुकार मचाई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पत्नी की चीख सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने मृतक के पिता व भाई को घटना की जानकारी दी। परिजन की सूचना पर खप्टिहा कलां चौकी इंचार्ज कृष्णदेव त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। पूछताछ के बाद पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो माह पहले लौटा था गांव
मृतक के पिता ने पुलिस को प्रार्थना-पत्र दिया है। इसमें बताया कि केशव की शादी भरुआ सुमेरपुर से 9 मई 2022 को हुई थी। वह दो माह पहले हैदराबाद से मजदूरी करके त्योहार मनाने घर लौटा था। उन्होंने किसी भी आरोप से इंकार किया है।
पत्नी से परेशान होकर आत्महत्या का आरोप
मृतक के बड़े भाई मुन्नू लाल ने बताया कि मेरे नाम कॉलोनी आई थी। इसके लिए मेरी पत्नी की फोटो भी मांगी गई थी। मैंने पत्नी की फोटो भाई को देते हुए सचिव को देने की बात कही थी। केशव की पत्नी ने उसके पर्स में फोटो देखी, तो चरित्र शंका करते हुए उससे विवाद करने लगी। इससे परेशान होकर भाई ने आत्महत्या कर ली।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। मृतक के पिता ने आत्महत्या का कारण पता होने से इंकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - कुलदीप तिवारी, थानाध्यक्ष