जादू-टोना करवाने का शक, अपनों ने कर दी श्यामश्री की नृशंस हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मल्लावां कोतवाली के मोहबतपुर ठठिया निवासी राजकुमार (42), रामचंद्र (39) और जमुना (37) तीन भाई हैं। तीनों अलग-अलग मकान में रहते हैं। राजकुमार का मकान गांव के किनारे है। बगल मेें रामचंद्र का अहाता है। जहां वह जानवर बांधता है। बड़े भाई राजकुमार के परिवार में पत्नी शिवदेवी, बेटा अजय, विकास और बेटी सोनिका हैं।
छोटे भाई रामचंद्र के परिवार में बेटी रुचि (16), गुड़िया (13),कंचन (11), महक (9), बेटा लल्लू (8) के अलावा पत्नी श्यामश्री (35) थी। श्यामश्री की बहन रामश्री भी इसी गांव के रमेश का ब्याही है। पैतृक संपत्ति के बंटवारे के बाद दोनों भाइयों में अनबन चल रही थी। राजकुमार के परिवार में कोई न कोई बीमार रहता है। शिवदेवी को शक था कि देवरानी श्यामश्री उसके बच्चों पर टोना टोटका करती है।
गुरुवार सुबह करीब छह बजे श्यामश्री गाय दूहने अपने अहाते में गई थी। साथ में बेटा लल्लू भी था। दूध दुहने के बाद श्यामश्री ने लल्लू से बकरी चराने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इस पर श्यामश्री बेटे को भलाबुरा कहने लगी। छत पर खड़े राजकुमार के बेटे विकास ने समझा चाची उसको गाली दे रही हैं। वह श्यामश्री से गालीगलौज करने लगा।
आरोप है कि बात बढ़ने पर राजकुमार, शिवदेवी और उनके बच्चों ने डंडे और ईंट से श्यामश्री पर हमला कर दिया। मां को पिटता देख लल्लू घर भागा और पिता रामचंद्र व मौसी रामश्री को सूचना दी। बीच बचाव करने पहुंचे रामचंद्र व रामश्री को भी हमलावरों ने पीट दिया। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे और बीच बचाव कर श्यामश्री को छुड़ाया। रामचंद्र एंबुलेंस से गंभीर रूप से घायल पत्नी को सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में श्यामश्री को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ गांव जाकर लोगों ने पूछताछ की। रामचंद्र ने राजकुमार, शिवदेवी, विकास और सोनिका के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल कमलेश नारायण पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।