कानपुर: दो युवकों ने फंदा लगाकर दी जान, अलग-अलग इलाकों की घटना, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिजन बेहाल
Kanpur News: सेन पश्चिम पारा और जाजमऊ थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों मामलों में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर के सेन पश्चिम पारा और जाजमऊ थानाक्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों ने फंदा लगाकर जान दे दी। सेन पश्चिम पारा के रघुनाथपुरम निवासी रोहित राठौर (38) मूलरूप से अलीगढ़ के कोली का रहने वाला था। वह प्राइवेट नौकरी करता था। परिवार में मां निर्मला हैं। पिता सुरेश और छोटे भाई संदीप व कुलदीप की पहले ही मौत हो चुकी है।
परिजनों के मुताबिक, रोहित को शराब की बुरी लत थी। इसके चलते उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, जाजमऊ के संजय नगर निवासी मुख्तार अहमद के बेटे फैसल अहमद (20) ने भी फंदा लगाकर जान दे दी। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था।
परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई
उसके भाइयों के नाम नूर आलम, मुमताज और शाहनवाज हैं। फैसल बेल्ट के बक्कल बनाने का काम करता था। परिजनों ने शुक्रवार देर शाम उसका शव फंदे से लटका देखा। जाजमऊ थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
