कानपुर: ‘कल सब मिलकर मनाएंगे दिवाली...', कहकर ड्यूटी निकला था अंशु, अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत, परिजन बेहाल
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल ओवरब्रिज के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार का इकलौता सहारा खोने से घर में कोहराम मच गया है। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
विस्तार
कानपुर के सरसौल कस्बे में महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरसौल ओवरब्रिज के पास शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, निहालखेड़ा गांव निवासी अंशु कुशवाहा पुत्र रामगोपाल शनिवार सुबह करीब पांच बजे रोज की तरह बाइक से विजय नगर स्थित एक कंपनी में ड्यूटी करने जा रहे थे। जैसे ही वह सरसौल ओवरब्रिज के पास आनंद भोग स्वीट्स हाउस के सामने पहुंचे।
सिर में आईं थीं गंभीर चोटें
तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशु उछलकर हाईवे पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे में हेलमेट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस घायल अंशु को सरसौल सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
सूचना पर सरसौल चौकी प्रभारी राजमोहन मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, अंशु अपने परिवार का इकलौते बेटा था। उनके परिवार में पत्नी रेशु और एक साल का मासूम बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पत्नी रेशु ने रोते हुए बताया कि शनिवार सुबह ड्यूटी जाते समय पति ने कहा था कि आज ड्यूटी कर लौट आएंगे। फिर कल सब मिलकर दीपावली का त्योहार मनाएंगे, लेकिन यह उनकी आखिरी मुलाकात होगी, यह किसी ने नहीं सोचा था। पत्नी की यह बात सुनकर वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।