कानपुर: तीसरी मंजिल के फ्लैट से गिरकर युवक की मौत, पत्नी को पानी लेने भेजा था अंदर, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: पनकी थाना क्षेत्र स्थित महावीर नगर के प्रधानमंत्री आवास योजना अपार्टमेंट में बुधवार देर रात तीसरी मंजिल से गिरकर युवक की मौत हो गई। घटना से ठीक पहले वह अपनी पत्नी के साथ छज्जे पर बैठा था और पत्नी को पानी लेने के लिए फ्लैट के अंदर भेजा था।
विस्तार
कानपुर में पनकी थाना क्षेत्र के महावीर नगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के अपार्टमेंट में बुधवार देर रात तीसरी मंजिल से गिरकर 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के वक्त युवक अपनी पत्नी के साथ फ्लैट के छज्जे पर बैठा था। कुछ देर बाद पत्नी को पानी लेने के लिए अंदर भेज दिया।
इसी दौरान तेज आवाज सुनकर पत्नी बाहर दौड़ी, तो पति सीढ़ियों के नीचे पड़ा मिला। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महावीर नगर निवासी शिवम गुप्ता पत्नी पल्लवी और तीन वर्षीय बेटे के साथ तीसरी मंजिल के फ्लैट में रहते थे। वह प्राइवेट काम करते थे।
सीढ़ियों के नीचे पड़ा मिला शिवम
बुधवार रात वह पत्नी के साथ छज्जे पर बैठे थे। इसी दौरान उन्होंने पत्नी को पानी लेने के लिए अंदर भेज दिया। पल्लवी के अंदर जाते ही तेज आवाज हुई। वह दौड़कर बाहर पहुंचीं तो शिवम सीढ़ियों के नीचे पड़े मिले। आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि युवक की गिरने से मौत हुई है। घटना की जांच की जा रही है।
