हरदोई सड़क हादसा: पुलिया से पानी के गड्ढे में गिरी कार, पति-पत्नी और मासूम की मौत, एक युवक अस्पताल में भर्ती
Hardoi News: बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास एक कार बेकाबू होकर पुलिया से सीधे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पति, पत्नी और उनके तीन माह के दूधमुंहे बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। कार में सवार एक अन्य युवक आदित्य कुमार को पुलिस व ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे बाहर निकाला, जो गंभीर व अचेत हालत में कन्नौज जिला अस्पताल में भर्ती है।
विस्तार
हरदोई जिले में बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास अनियंत्रित कार पुलिया से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पति, पत्नी और उनके महज तीन माह के मासूम बच्चे की डूबने व गंभीर चोट आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसर गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
मूल रूप से हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सर्रा के निवासी और वर्तमान में चांद बेहटा में रह रहे रमेश कुमार (35) हरियाणा के गुड़गांव में काम करते थे। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए वह शुक्रवार तड़के अपनी पत्नी नीलम (32), तीन माह के दूधमुंहे बच्चे और अपने साथी आदित्य कुमार पुत्र नरेश सिंह के साथ कार से अपने गांव लौट रहे थे।
साढ़े तीन बजे हुआ भीषण हादसा
शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे जैसे ही उनकी कार बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास पहुंची, तभी मोड़ पर अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे पानी के गड्ढे में जा गिरी। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों और सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एक युवक जिंदगी से जूझ रहा
पुलिस ने मशक्कत के बाद रस्सी डालकर आदित्य कुमार को बाहर निकाला, जो गंभीर चोटों के कारण अचेत है। एंबुलेंस से सभी को तुरंत कन्नौज जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रमेश, उनकी पत्नी नीलम और 3 माह के बच्चे को मृत घोषित कर दिया। अचेत पड़े आदित्य का इलाज जारी है, जबकि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।