हमीरपुर: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हादसा, तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आया ऑटो, अनियंत्रित होकर पलटा, पांच घायल
Hamirpur News: राठ क्षेत्र अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुड़गांव से अपने गांव लौट रहे परिवार का ऑटो जरिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर पलट गया। हादसे में तीन मासूम बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से अनियंत्रित ऑटो पलट गया। हादसे में तीन बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया, जहां इलाज किया जा रहा है।
छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र के पवेथा गांव निवासी रामनरेश पाल ने बताया कि वह अपने भाई और पत्नी-बच्चों के साथ गुड़गांव में रहकर ऑटो चलाते हैं। दीपावली के त्योहार पर बृहस्पतिवार रात वह ऑटो से परिजनों को लेकर गांव लौट रहे थे। तभी शुक्रवार सुबह आठ बजे करीब जरिया थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार में निकले ट्रक की चपेट में आने से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।
घायलों को चोटें आई हैं, उपचार किया जा रहा है
इस हादसे में रामनरेश के भाई सुशील कुमार (24), पत्नी वंदना (30), बेटा प्रिंस (7), प्रशांत (3) और बेटी प्रांजलि (5) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से सभी को सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टर कनिष्क माहुर ने बताया कि सभी घायलों को चोटें आई हैं। उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।