Hardoi Murder: चचेरा ताऊ, चाचा और सगा भाई था हत्यारा! किशोरी का गला दबाकर मारा..फिर खेत में फेंका था शव
अरवल थाना क्षेत्र में प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी किशोरी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। किशोरी की हत्या चेचेरे ताऊ, चाचा और सगे भाई ने की थी।
विस्तार
हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र में किशोरी की गला घोंटकर हत्या की वारदात का पुलिस ने गुरुवार को पुलिस लाइन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दावा किया है कि इस मामले में मृतका के ताऊ, चाचा को गिरफ्तार किया है, जबकि मृतका के नाबालिग भाई को संरक्षण में लिया है।
किशोरी अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी थी, इसलिए उसकी गला घोंटकर हत्या की गई। किशोरी के पिता ने बेटी के प्रेमी समेत चार लोगों पर तहरीर देकर हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया था। मामले में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
खुलासा करते हुए एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि अरवल थाना क्षेत्र के बानामऊ गांव की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी का शव पांच फरवरी की रात चौसार गांव के निकट सरसों खेत से बरामद किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी की गलाघोंट कर हत्या होने का खुलासा हुआ था।
इसके बाद बुधवार को पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर पर बानामऊ गांव निवासी किशोरी के प्रेमी कमलेश के साथ कृष्ण कुमार, गोलू, नंद कुमार के खिलाफ हत्या के तहत मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई थी।
एसपी ने बताया कि 14 जनवरी को कमलेश किशोरी को अपने साथ ले गया था। 22 जनवरी को किशोरी को बरामद कर 30 जनवरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। जब पूरे मामले में पड़ताल की गई, तो पता चला मृतका के परिजनों ने ही उसकी हत्या की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद परिजनों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
यह बना हत्या का कारण
एसपी ने बताया कि किशोरी के ताऊ भैयालाल, चाचा दलवीर के साथ किशोरी के भाई ने उसको समझाया बुझाया, लेकिन किशोरी अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी थी। इस पर इन लोगों ने उसकी गला घोट कर हत्या कर दी। पुलिस ने चाचा दलवीर और ताऊ भैया लाल को गिरफ्तार कर लिया है।