कन्नौज में छह वर्षीय बच्ची की मौत: दुकान जा रही ही मासूम का कंटेनर ने रौंदा, आक्रोशित परिजनों ने लगाया जाम
सौरिख कस्बे में गुरुवार शाम एक बच्ची को कंटेनर ने रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साई भीड़ ने सौरिख-सकरावा रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर किसी प्रकार भीड़ को शांत किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कन्नौज जिले में सौरिख थाना क्षेत्र में भाई के साथ दुकान जा रही मासूम बच्ची को कंटेनर ने टक्कर मार दी। इससे मासूम की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने सौरिख-सकरावा मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया। दो घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।
सकरावा रोड आंबेडकर नगर निवासी राजीव गिहार की छह वर्षीय बेटी गौतमी छोटे अपने भाई रितिक के साथ गुरुवार को दुकान जा रही थी। इस दौरान सकरावा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। इससे गौतमी की मौके पर मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक कंटेनर लेकर भाग निकला। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। चारपाई, बल्ली और तख्त रखकर रोड जाम कर दिया। जाम की सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामला बढ़ता देखकर मौके पर भारी पुलिस बल बुला लिया गया।
आक्रोशित लोगों ने तत्काल चालक को गिरफ्तार करने की मांग की। सीओ दीपक दुबे के आश्वासन पर परिजनों का आक्रोश शांत हुआ। पुलिस ने भीड़ को समझाते-बुझाते हुए मामले को संभाला। इसके बाद जाम खुलवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कंटेनर की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे में मासूम की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा करते हुए सौरिख-सकरावा मार्ग जाम कर दिया। इस बीच दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। साथ ही मौके पर तमाशबीनों की भीड़ जुट गई।
हंगामे के दौरान पुलिस ने कंटेनर की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले। बता दें कि घटना के बाद चालक कंटेनर लेकर भाग निकला। लोगों ने कंटेनर का पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। उसके बाद घटनास्थल पर भीड़ ने जमकर हंगामा किया।