Kanpur: केस्को एमडी से बोले उपभोक्ता- रात में नशे में रहते हैं लाइनमैन, काम करने के बदले मांगते हैं रुपये
Kanpur News: एसएसओ सुरेंद्र सिंह कार्यालय में पान खाकर थूकते हुए पाए गए। उन पर कार्यालय गंदा करने और यूनिफार्म न पहनने पर वेतन से 500 रुपये काटने का आदेश दिया।
विस्तार
कानपुर में केस्को एमडी ने बुधवार को सर्वोदय नगर और हंसपुरम डिवीजन का औचक निरीक्षण किया। नवीननगर सब स्टेशन में मिले लोगों ने रात में फॉल्ट होने पर दिक्कत को दूसरे क्षेत्र की बताकर लाइनमैनों द्वारा टालमटोल करने की शिकायत की।
साथ ही काम करने के बदले में पैसा मांगने और शराब पीकर काम करने की भी शिकायत की। उपभोक्ताओं की बातें सुनकर केस्को एमडी ने तत्काल एई व जेई से स्पष्टीकरण तलब कर कार्रवाई करने का निर्देश अधिशासी अभियंता सर्वोदय नगर को दिया है।
केस्को एमडी सैमुअल पॉल एन बिजली व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए सर्वोदय नगर और हंसपुरम डिवीजन पहुंचे। सबसे पहले वह सर्वोदय नगर डिवीजन के सर्वोदय नगर सब स्टेशन पहुंचे। वहां पर जेई विनयकांत ट्रांसफार्मर रजिस्टर नहीं दिखा सके।
फॉल्ट ठीक करने के बदले मांगती है पैसा
जर्जर बाउंड्रीवॉल और बिना फेंसिंग के पावर ट्रांसफार्मर मिला। नवीन नगर सब स्टेशन में जब उपभोक्ता से बात की, तो उन्होंने बताया कि रात वाली बिजली गैंग फॉल्ट को दूसरे क्षेत्र की बताकर ठीक करने में टालमटोल करती है। फॉल्ट ठीक करने के बदले पैसा मांगती है।
एसएसओ कार्यालय में पान खाकर थूकते हुए मिले
रात में कर्मी शराब पीकर काम करते हैं। फॉल्ट होने पर फोन करने के उसे उठाया नहीं जाता है। वहीं, जेई सूर्यलाल चौहान ट्रांसफार्मर रजिस्टर नहीं दे सके। रखरखाव भी खराब था। वहीं, नमक फैक्ट्री सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर रजिस्टर तक नहीं था। एसएसओ सुरेंद्र सिंह कार्यालय में पान खाकर थूकते हुए पाए गए। उन पर कार्यालय गंदा करने और यूनिफार्म न पहनने पर वेतन से 500 रुपये काटने का आदेश दिया।