Farrukhabad: महिला सिपाही से छेड़छाड़ व मारपीट, पूर्व मंत्री के स्कूल के आरोपी लिपिक को भेजा जेल
Farrukhabad Crime: महिला सिपाही ने विक्रम के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट कर जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कराया। लिपिक को छुड़वाने के लिए भाजपा नेता पैरवी करते रहे। शनिवार को पुलिस ने विक्रम को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ व मारपीट के आरोप में पूर्व मंत्री के कॉलेज के लिपिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लिपिक पूर्व मंत्री के संकिसा स्थित आरएस पब्लिक स्कूल में लिपिक है।
मोहम्मदाबाद कोतवाली में तैनात महिला सिपाही जनपद मैनपुरी थाना बेवर से एक दिसंबर को रोडवेज बस से आ रही थी। मोहम्मदाबाद चौराहे पर महिला सिपाही बस से उतर रही थी। उसी दौरान कादरी गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला विकास नगर निवासी पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव के एसआर पब्लिक स्कूल में तैनात लिपिक विक्रम सिंह यादव उर्फ सौरभ यादव ने महिला सिपाही का हाथ पकड़ लिया
वह छेड़छाड़ करने लगा। महिला सिपाही के विरोध करने पर विक्रम सिंह यादव गाली-गलौज कर मारपीट करने लगा। महिला सिपाही के शोर मचाने पर आस पास के दुकानदारों ने विक्रम की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस विक्रम को पकड़कर कोतवाली ले आई।
छेड़छाड़ के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
महिला सिपाही ने विक्रम के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट कर जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कराया। लिपिक को छुड़वाने के लिए भाजपा नेता पैरवी करते रहे। शनिवार को पुलिस ने विक्रम को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि महिला आरक्षी से छेड़छाड़ के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।