चित्रकूट सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटा टैंकर, दबने से एक महिला की मौत, दो की हालत नाजुक, चालक मौके से फरार
Chitrakoot News: चित्रकूट के छिपनी मोड़ पर अनियंत्रित ट्रैक्टर-टैंकर पलटने से लकड़ी बीनकर लौट रही एक महिला की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
विस्तार
चित्रकूट जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के छिपनी मोड़ बरवारा के पास शुक्रवार की सुबह एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से जुड़ा टैंकर पलट गया। इससे तीन महिलाएं दब गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। वहीं, दो महिलाओं को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
छिपनी गांव निवासी सीमा देवी (23), गीत व आरती देवी जंगल क्षेत्र से लकड़ी बीनकर घर लौट रही थीं। अचानक मोड़ के पास पहुंचते ही टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे गुजर रही तीनों महिलाएं घायल हो गई। पूरी तरह से दबने से सीमा की मौत हो गई। वहीं, गीत व आरती को किसी तरीके से बाहर निकाल कर 108 एंबुलेंस से पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया।
ट्रैक्टर-टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया
वहां दोनों घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। कोतवाल दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि मोड़ में स्पीड तेज होने की वजह से ट्रैक्टर टैंकर पलटा है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ट्रैक्टर-टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।