बेबस पीड़िता का दर्द: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में की शादी, अब दहेज के लिए पत्नी को किया बेघर, पढ़िए पूरा मामला
Kannauj Crime: पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक जेठ अधिवक्ता है। वह झूठे मुकदमा में फंसाने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
कन्नौज जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शादी करने के बाद अब ससुरालीजन विवाहिता को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने उसको मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता दिव्यांग है। वह बोल नहीं सकती है। उसने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर कोतवाली क्षेत्र के आसरा आवास कॉलोनी बलही निवासी इंदर सिंह की पुत्री प्रियंका दिव्यांग है। वह बोल नहीं सकती है। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उसकी शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नितिन कुमार कुशवाहा के साथ हुई थी।
शादी के बाद से ही पति नितिन कुमार कुशवाहा, ससुर महेश, जेठ ब्रजमोहन, शिव मोहन व जेठानी बबली अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जान से मारने की नियत से उसके साथ मारपीट की गई। जब इतने से उनका मन नहीं भरा, तो उसको घर से निकाल दिया।
झूठे मुकदमा में फंसाने की धमकी दे रहा है जेठ
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक जेठ अधिवक्ता है। वह झूठे मुकदमा में फंसाने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।