Kanpur: सड़क पर नमाज पढ़ने का मामला, ईदगाह कमेटी के सदस्यों समेत 1850 पर मुकदमा, जल्द होगी गिरफ्तारी
Kanpur News: सड़क पर नमाज पढ़ने में ईदगाह कमेटी के सदस्यों समेत 1850 पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जाजमऊ, बजरिया और बाबूपुरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस के अनुसार, वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
विस्तार
कानपुर में रोक के बावजूद ईद की नमाज सड़क पर पढ़े जाने के मामले में तीन थानों में ईदगाह कमेटी के सदस्यों सहित 1800 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। अब वीडियो फुटेज के आधार पर इन लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
बजरिया थाने के एसएसआई ओमवीर सिंह ने बताया कि ईद पर उनकी ड्यूटी बेनाझाबर स्थित मरकजी ईदगाह में लगी थी। ईदगाह कमेटी के सदस्यों के साथ ही लोगों को बताया गया था कि सड़क पर नमाज न पढ़ी जाए। इसके बाद भी लोग ईदगाह गेट के बाहर सड़क पर नमाज पढ़ने बैठ गए।
इससे रास्ता अवरुद्ध हो गया। इसके चलते उन्होंने ईदगाह कमेटी के सदस्यों समेत 1500 लोगों के खिलाफ बजरिया थाने में लोक सेवक के कर्तव्य में बाधा डालने, महामारी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ऐसे ही जाजमऊ स्थित ईदगाह के बाहर दादा मियां मजार रोड पर नमाज पढ़ी गई।
जाजमऊ में 300 और बेगमपुरवा में 50 लोगों पर रिपोर्ट
मामले में बुधवार शाम चौकी प्रभारी राजबहादुर सिंह ने इंतजामियां ईदगाह जाजमऊ कमेटी के सदस्यों समेत 300 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बेगमपुरवा चौकी इंचार्ज बृजेश कुमार सिंह ने बेगमपुरवा ईदगाह कमेटी के सदस्यों समेत 50 लोगों के खिलाफ बाबूपुरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सड़क पर नमाज पढ़ने पर रोक थी, फिर भी कुछ लोगों ने ऐसा किया। लिहाजा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फोटो और वीडियो के आधार पर उनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। -आनंद प्रकाश तिवारी, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर