सराफा से 50 किलो चांदी लूटने का मामला: इंस्पेक्टर समेत तीनों पुलिसकर्मी बर्खास्त, पढ़ें पूरा घटनाक्रम
यूपी में औरैया जिले के व्यापारी से 50 किलो चांदी लूटने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले में आरोपी इंस्पेक्टर समेत तीनों पुलिसकर्मी को बर्खास्त कर दिया गया है।
विस्तार
औरैया में सराफा व्यापारी से चांदी लूटने के मामले में जेल भेजे गए इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह कठेरिया और दरोगा चिंतन कौशिक को भी मंगलवार को बर्खास्त कर दिया गया। यह कार्रवाई एडीजी के आदेश पर आईजी ने की है। इससे पहले इसी मामले में एसपी कानपुर देहात बीबीजीटीएस मूर्ति ने सोमवार को हेड कांस्टेबल राम शंकर यादव को बर्खास्त कर दिया था। तीनों पुलिस कर्मी निलंबित चल रहे थे। वहीं, पर्यवेक्षण में लापरवाही पर भोगनीपुर सीओ तनु उपाध्याय से सर्किल का चार्ज हटाकर पुलिस लाइन में तैनात कर दिया गया था।
बांदा के सराफ मनीष सोनी से छह जून को देर रात करीब दो बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर स्थित मल्हौसी गांव के पास 50 किलो चांदी लूट ली गई थी। कारोबारी ने औरैया कोतवाली में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस काे एक पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी फुटेज मिले थे। इसके आधार पर पुलिस ने कानपुर देहात की भोगनीपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह कठेरिया, दरोगा चिंतन कौशिक और हेड कांस्टेबल राम शंकर यादव को गिरफ्तार किया था।
मामले में औरैया और कानपुर देहात पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए भोगनीपुर थाने में तैनात रहे दरोगा चिंतन कौशिक के पुखरायां स्थित आवास से लूटी गई चांदी बरामद कर ली थी। पूछताछ में पता चला कि तीनों ने हमीरपुर के जमालुद्दीन पठान, बांदा के संजय चिकवा उर्फ संजय टोपी, मुठनी थाना बिवार जनपद हमीरपुर के रफत खान व उसी के साथी राकेश के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
आईजी प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपी हेड कांस्टेबल राम शंकर यादव को पहले ही बर्खास्त किया जा चुका है। अब जिला कासगंज के नौगवां थाना पटियाली निवासी तत्कालीन भोगनीपुर थाना प्रभारी अजय पाल सिंह कठेरिया और बुलंदशहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के होटल दरबार के चंद्र कुटीर निवासी भोगनीपुर थाने में तैनात रहे दरोगा चिंतन कौशिक को बर्खास्त कर दिया गया है।