बच्ची से बैडटच का मामला: मां और मौसी बोलीं- ड्राइवर ने की छेड़खानी…मेडिकल से इन्कार, पिता बोले- चालक निर्दोष
Kanpur News: बच्ची के पिता ने बताया कि बुधवार को वैन चालक आरिफ दो घंटे देरी से बेटी को लेकर घर पहुंचा। इसके चलते बेटी की मौसी से उसकी बहस हो गई। नाराज मौसी ने वैन चालक का सबक सिखाने लिए पुलिस कंट्रोल रूम में छेड़खानी की सूचना दे दी।
विस्तार
कानपुर के बिठूर में मासूम से चालक के बैडटच करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मासूम की मां-मौसी ने वैन चालक पर बेटी को बैडटच करने का आरोप लगाया है। वहीं, पिता और चाचा वैन चालक को निर्दोश बताते हुए कार्रवाई से इन्कार कर रहे हैं। वहीं, पुलिस के बच्ची को बुलाने पर मां ने मेडिकल और बयान कराने से मना कर दिया। ऐसे में पुलिस ने वैन चालक का शांतिभंग में चालान कर दिया।
बिठूर थानाक्षेत्र की रहने वाले प्राइवेट कर्मी की पांच साल की बेटी इलाके के एक नामी स्कूल में एलकेजी की छात्रा है। बुधवार दोपहर जब वह घर लौटी तो बहुत डरी थी। मां के पूछने पर रोने लगी। बताया कि छुट्टी के बाद ड्राइवर आरिफ अंकल ने मेरे साथ गलत काम किया। इसपर मां और मौसी बच्ची को लेकर बिठूर थाने पहुंचे।
किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इन्कार
पुलिस ने बच्ची की मां की तहरीर पर वैन चालक नारामऊ निवासी मोहम्मद आरिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर देर रात उसे हिरासत में ले लिया। हालांकि बच्ची के पिता और चाचा ने वैन चालक के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इन्कार कर दिया। एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पांडेय ने बताया कि गुरुवार को बच्ची को मेडिकल व बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था।
चालक के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई
पुलिस टीम बच्ची को लेकर सीएससी कल्याणपुर पहुंची तो उसकी मां ने मेडिकल और बयान दर्ज कराने से इन्कार कर दिया। ऐसे में वैन चालक के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है। कोर्ट खुलने पर बच्ची का मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराया जाएगा। बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वैन चालक की बच्ची की मौसी से हुई थी बहस
बच्ची के पिता ने बताया कि बुधवार को वैन चालक आरिफ दो घंटे देरी से बेटी को लेकर घर पहुंचा। इसके चलते बेटी की मौसी से उसकी बहस हो गई। नाराज मौसी ने वैन चालक का सबक सिखाने लिए पुलिस कंट्रोल रूम में छेड़खानी की सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ने बेटी की मां से तहरीर लेकर एफआईआर दर्ज कर वैन चालक को हिरासत में ले लिया। उनका कहना था कि वह किसी निर्दोश को नहीं फंसाना चाहते हैं।
बच्ची व उसके माता पिता की हो रही काउंसिलिंग
एसीपी ने बताया कि बच्ची और उसके परिवार की काउंसिलिंग की जा रही है। महिला पुलिस अफसर को परिवार के सहयोग में लगाया गया है ताकि परिवार किसी तरह का डर न महसूस हो। वह बेझिझक अपने बयान दर्ज करा सकें।