कानपुर: घर में खड़ी बाइक के नंबर पर झांसी में दौड़ रही कार, ई-चालान का मैसेज आने पर हुई जानकारी, पढ़ें पूरा मामला
Kanpur News: साढ़ थाना प्रभारी सतीश राठौर ने बताया चालान से संबंधित मामला झांसी जिले का है। वहां की ट्रैफिक पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। उधर, झांसी ट्रैफिक प्रभारी ने मामले की जांच करने की बात कही है।
विस्तार
कानपुर के भीतरगांव इलाके के एक मजदूर के घर पर खड़ी बाइक नंबर का ऑनलाइन चालान कटने का मैसेज उसके की-बोर्ड मोबाइल पर पड़ा मिला। ई-चालान एप के माध्यम से जब बाइक नंबर डालकर जांच की, तो कार के आगे नंबर प्लेट पर उसकी बाइक का नंबर लगा दिखा।
उसे तेज रफ्तार से चलाने पर दो हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। चालान झांसी जनपद के बिजौली रिपोर्टिग पुलिस चौकी क्षेत्र के हंसारी इलाके में फरवरी माह में हुआ था। कानपुर के भीतरगांव इलाके के गहोलिनपुरवा गांव निवासी सोहनलाल मजदूरी करते हैं।
घर में इनकी बाइक खड़ी रहती है। सोहनलाल ने बताया कि बाइक का नंबर यूपी 78 बीवाई 0863 है। दो दिन पहले उनके मोबाइल में बेटे ने पुराना मैसेज पड़ा देखा। इस पर दो हजार रूपये का ई-चालान कटने का मैसेज था। इसके बाद पड़ोसियों ने मोबाइल एप में बाइक नंबर डालकर जानकारी करने पर पता चला कि कार का चालान कटा है।
बीते फरवरी माह में हुआ था चालान
इस पर उनकी बाइक का नंबर प्लेट लगा है। यह चालान झांसी जिले के बिजौली रिपोर्टिंग पुलिस स्टेशन के हंसारी इलाके में बीते फरवरी माह में हुआ था। साढ़ थाना प्रभारी सतीश राठौर ने बताया चालान से संबंधित मामला झांसी जिले का है। वहां की ट्रैफिक पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। उधर, झांसी ट्रैफिक प्रभारी ने मामले की जांच करने की बात कही है।