कन्नौज सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराने के बाद पलटी कार, युवक की मौत, पिता और दोस्त की हालत गंभीर
Kannauj road accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। इस हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि पिता और दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। कार से एटा जाते समय अमोलर अंडरपास पर हादसा हुआ है।
विस्तार
कन्नौज जिले में प्रयागराज से एटा जा रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। इस हादसे में कार चालक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा है।
मिली जानकारी के अनुसार, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यह हादसा गुरुवार की रात करीब एक बजे हुआ। एटा के अशोक नगर गली नंबर तीन निवासी देवेंद्र कुमार पुंडीर (36) प्रयागराज से एटा लौट रहे थे। साथ में पिता वीरेंद्र कुमार और दोस्त प्रज्जवलित भी थे।
एक्सप्रेसवे पर थाना तालग्राम अमोलर अंडर पास के ऊपर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। इसमें तीनों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे यूपीडा सुरक्षा अधिकारी शशीकांत मिश्रा और सहायक सुरक्षा अधिकारी ओमप्रकाश ने एम्बुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा।
पुलिस को मेडिकल मेमो से मिली सूचना
यहां डॉक्टरों ने देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि मेडिकल मेमो से मौत की सूचना मिली है। परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।