Kanpur: कूड़ा कलेक्शन सेंटर का लैंड यूज बदलकर बनेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, छावनी बोर्ड बैठक में हुए ये निर्णय
Kanpur News: अधिकारियों ने बताया कि पिछली बैठक में जयपुरिया क्रॉसिंग फ्लाईओवर बनने में बाधक सीवर, वाटर और केस्को लाइन हटाने के लिए एनओसी दी गई थी, सभी लाइनें शिफ्ट हो गई हैं।
विस्तार
कानपुर में ब्रिगेडिर शब्बारुल हसन की अध्यक्षता में कैंट बोर्ड की बैठक में क्षेत्र के विकास का खाका खींचा गया। पुरानी चुंगी स्थित कूड़ा कलेक्शन सेंटर का लैंड यूज परिवर्तित कर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स कम कम्यूनिटी सेंटर के प्रस्ताव पर मुहर लगी। इसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
वहीं, विधायक हसन रूमी की निधि से क्षेत्र की पांच सड़कों, नालियों व अन्य विकास कार्यों को कराने के लिए अनापत्ति प्रमाण (एनओसी) देने पर चर्चा हुई। बंदूकधारी गार्ड का वेतन 40,010 रुपये करने और 39.80 लाख रुपये से क्षेत्र में सड़कें बनाने की सहमति दी गई।
इन कार्यों को मिली है मंजूरी
अधिकारियों ने बताया कि पिछली बैठक में जयपुरिया क्रॉसिंग फ्लाईओवर बनने में बाधक सीवर, वाटर और केस्को लाइन हटाने के लिए एनओसी दी गई थी, सभी लाइनें शिफ्ट हो गई हैं। सड़कों पर थर्मोप्लास्टिक स्ट्रिप के लिए 18.54 लाख रुपये, स्ट्रीट लाइट मेंटीनेंस के लिए छोटी स्काई लिफ्ट वाहन खरीदने की मंजूरी दी गई। यहां सांसद रमेश अवस्थी, सीईओ स्टीफन पीडी, विधायक मो. हसन रूमी, मनोनीत सदस्य लखन ओमर आदि मौजूद रहे।