मंदिरों को कब्जों से बचाने की मुहिम: महापौर का दावा कानपुर के 124 मंदिरों पर है अवैध कब्जा, कराए जाएंगे मुक्त
कानपुर के मुस्लिम बहुल्य क्षेत्रों में स्थित मंदिरों को कब्जा मुक्त कराने के उद्देश्य से महापौर ने अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को महापौर ने मुस्लिम क्षेत्रों में मौजूद मंदिरों की जर्जर स्थिति का जायजा लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कई थानों का फोर्स भी मौजूद रहा।
विस्तार
कानपुर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में स्थित मंदिरों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए महापौर प्रमिला पांडेय ने अभियान शुरू किया है। महापौर का दावा है कि शहर में ऐसे 124 मंदिर ऐसे हैं जिन पर या तो कब्जा कर लिया गया है या जीर्णशीर्ण हालत में हैं, कई में अवैध दुकानें चल रही हैं।
महापौर ने शनिवार को एसीपी और छह थानों की पुलिस फोर्स के साथ अति संवेदनशील क्षेत्रों के सात मंदिरों की हालत देखी। इनमें एक वर्ग विशेष के लोगों ने मूर्तियां हटाकर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। कुुछ में बिरयानी सहित अन्य दुकानें भी चलती मिलीं।
अवैध कब्जेदारों को चेतावनी देेते हुए अतिक्रमण हटाने को कहा। जोनल प्रभारियों से घनी आबादी वाले क्षेत्रों के सभी मंदिरों की सूची, स्थिति की रिपोर्ट तलब की। बताया कि आसपास दीवारें बनवाकर इन मंदिरों को संरक्षित किया जाएगा। उनमें बोर्ड लगवाए जाएंगे।
महापौर ने 26 मई को पी रोड में गोपाल टॉकीज के पास स्थित प्राचीन राधा - कृष्ण मंदिर को तोड़कर और मूर्तियां हटाकर अवैध रूप से कराया जा रहा निर्माण रुकवाया था। 27 को कमिश्नर से कहकर वहां फोर्स तैनात कराया था। शनिवार को एसीपी अनवरगंज और छह थानों की फोर्स के साथ बेकनगंज, बजरिया और चमनगंज के साथ पैदल भ्रमण करते हुए सात प्राचीन मंदिरों की हालत देखी।
सभी मंदिर जीर्णशीर्ण हालत में मिले। सभी मंदिरों से मूर्तियां गायब हैं। कई के हाल बहुत खराब हैं। कई स्थानों पर मंदिर की जगह पर कूड़े के अंबार मिले, जिसे देख महापौर आग बबूला हो गईं। अधिकतर मंदिरों पर कब्जा हो चुका है। उनमें बिरयानी सहित अन्य तरह की दुकानें चल रही हैं।
बेकनगंज के एक प्राचीन मंदिर में अंदर जाने के लिए महापौर को ताला तुड़वाना पड़ा। एसीपी के साथ दौरे के दौरान महापौर बाबा बिरयानी और चांद बिरयानी की दुकान पर भी पहुंचीं। यहां पर महापौर ने कहा कि वहां पहले प्राचीन मंदिर था, जिस पर कब्जा करके बिरयानी की दुकान चलाई जा रही है। इसको किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंदिरों के संबंध में महापौर ने सोमवार को जोनल प्रभारियों और सभी जोनल अभियंताओं की बैठक बुलाई है।
सभी को थमाएंगे नोटिस
महापौर ने बताया कि मुस्लिम बहुल्य इलाकों में 124 मंदिर ऐसे हैं, जिन पर कब्जे हो चुके हैं। इन सभी से नोटिस भेजकर सात दिन में जवाब मांगा जाएगा। मंदिरों में पुन: मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कराई जाएगी। आसपास दीवार और बोर्ड लगवाए जाएंगे। इस मामले में समाज के सभी वर्गों का सहयोग लिया जाएगा।