Hardoi: संदेश साफ है...कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे, व्यापारी अपहरण कांड के आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
Hardoi News: व्यापारी अपहरण कांड के आरोपियों से मुठभेड़ के बाद एसपी केसी गोस्वामी ने कहा कि दुस्साहसिक वारदातों को अंजाम देने वाले शातिरों से सख्ती से निपटा जाएगा। कपड़ा व्यापारी रामजी मिश्रा के अपहरण में जितने भी लोगों के नाम सामने आए थे। उन सभी को अलग अलग मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।
विस्तार
हरदोई जिले में पाली के कपड़ा व्यापारी अपहरण कांड में शामिल एक और शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। दरोगा और सिपाही भी गोली लगने से घायल हुए हैं। मुठभेड़ की जानकारी पर एसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और घायल आरोपी से पूछताछ की।
एसपी केसी गोस्वामी ने बताया कि संडीला कोतवाली पुलिस, कासिमपुर थाना पुलिस एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ संडीला कस्बे में बस अड्डा चौराहा पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान औरास-संडीला मार्ग पर बाइक से एक शातिर बदमाश के आने की सूचना मिली।
सुंबाबाग जंगल के पास पुलिस की घेराबंदी में बदमाश ने खुद को घिरा देख फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घटना में दरोगा वीर प्रताप सिंह और सिपाही आशीष सिंह भी चोटहिल हुए हैं। मौके से एक तमंचा, दो कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। बिना नंबर की बाइक भी मिली है।
ऐसे पकड़े गए सभी बदमाश
19 दिसंबर को पाली थाना क्षेत्र के बारी गांव निवासी कपड़ा व्यापारी रामजी मिश्रा का अपहरण दुकान से गांव जाते समय कर लिया गया था। 22 दिसंबर को एसटीएफ और हरदोई पुलिस की संयुक्त टीम ने पाली थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद रामजी मिश्रा को सकुशल खोज लिया था। मुठभेड़ के दौरान बाराबंकी निवासी विशाल वर्मा पुलिस की गोली से घायल हुआ था।
मुख्य साजिशकर्ता रविकांत भी पुलिस की गोली लगने से हुआ था घायल
इसके बाद 23 दिसंबर को मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में घटना में शामिल रहे दो शातिर भी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए थे। इसी क्रम में रविवार शाम पिहानी कोतवाली क्षेत्र में अपहरण के मुख्य साजिशकर्ता रविकांत भी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया था और उसका एक साथी गिरफ्तार भी किया गया था। अपहरण की घटना को अंजाम देने में शामिल रहे बाराबंकी के कोतवाली शहर क्षेत्र अंतर्गत भिठारी पीर बटावन निवासी साबिर की तलाश पुलिस कर रही थी।
संदेश साफ है...कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे
मुठभेड़ के बाद एसपी केसी गोस्वामी ने कहा कि दुस्साहसिक वारदातों को अंजाम देने वाले शातिरों से सख्ती से निपटा जाएगा। कपड़ा व्यापारी रामजी मिश्रा के अपहरण में जितने भी लोगों के नाम सामने आए थे उन सभी को अलग अलग मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ने कहा कि किसी भी घटना को अंजाम देने की कोशिश करने वाले अंजाम के बारे में भी सोच लें। पुलिस मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप काम कर रही है। पूर्व में अपराध कर चुके लोग कायदे में रहेंगे तो फायदे में रहेंगे।