Kanpur: बृजलाल खाबरी ने पीएम मोदी पर कसा तंज, बोले- रिश्ता क्या है पता नहीं, पर अदाणी-अंबानी मोदी के रिश्तेदार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि प्रधानमंत्री सब कुछ प्राइवेट सेक्टर को दे रहे हैं। एयरपोर्ट से लेकर रेल और भेल को दो-चार लोगों को दिया जा रहा है।
विस्तार
निकाय चुनाव को देखते हुए गुरुवार को कांग्रेस ने प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत गुरुवार को कानपुर से की। बृजेंद्र स्वरूप पार्क में हुई जनसभा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि प्रधानमंत्री सब कुछ प्राइवेट सेक्टर को दे रहे हैं। एयरपोर्ट से लेकर रेल और भेल को दो-चार लोगों को दिया जा रहा है।
बिना रिश्ते के किसी को कोई कुछ नहीं देता है, इसलिए मैं कह सकता हूं कि अदाणी-अंबानी उनके रिश्तेदार लगते हैं। कहा कि उन्हें नहीं पता कि इनके बीच क्या रिश्ता है लेकिन हर कोई सबसे बड़ा हिस्सा साले को देता है। बताया कि भारत जोड़ो यात्रा यूपी से निकलने वाली नहीं थी लेकिन काफी प्रयासों और आग्रह के बाद राहुल गांधी की यात्रा यूपी से होकर गुजरेगी। इस बात पर मंथन करने की जरूरत है कि आखिर क्यों सबसे बड़ा राज्य होने के बाद भी हमें आग्रह करना पड़ रहा है।
यात्रा का नेतृत्व कर रहे प्रांतीय अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा में उत्तर प्रदेश और खासकर कानपुर प्रांत से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। इससे पहले कांग्रेस नेता कनिष्क पांडेय, करिश्मा ठाकुर, सोहिल अहमद अंसारी, विकास अवस्थी, कांग्रेस उत्तर अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी, ग्रामीण अध्यक्ष अमित पांडेय समेत कई नेताओं ने भी संबोधित किया। जनसभा का संयोजन व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पवन गुप्ता व संचालन दिलीप शुक्ला ने किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस महासचिव अंशु तिवारी, कानपुर बार एसोसिएशन अध्यक्ष नरेशचंद्र त्रिपाठी, संदीप शुक्ला, इखलाक अहमद, कृपेश त्रिपाठी, एजाज रशीद, हाजी शमीम, मोहित दीक्षित, अमनदीप सिंह, बबलू सिंह आदि मौजूद रहे।
एक यो दो जनवरी को यूपी में पहुंचेगी यात्रा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब-जब यूपी ने कांग्रेस को सांसद दिए हैं, तब-तब हमने केंद्र में सरकार बनाई है। यूपी के लोगों की जिम्मेदारी है कि लोकसभा में सबसे ज्यादा सांसद जिताकर दिल्ली पहुंचाएं, ताकि राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने का सपना पूरा किया जा सके। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि एक या दो जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा गाजियाबाद से यूपी में आएगी। यहां पांच दिन में यात्रा 138 किलोमीटर चलेगी। खाबरी ने कहा कि राहुल गांधी को देश की चिंता है, इसीलिए वे 3800 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकले हैं। ताकि प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक कांग्रेस का हो। 2014 में मोदी ने लोगों से कहा था कि मैं झोला टांगकर चला जाऊंगा। 2024 में ऐसी स्थितियां पैदा करनी हैं कि उनका ये कथन उनके लिए ही सच हो जाए और वे झोला उठाकर चल दें।
दावेदारों ने किया शक्ति प्रदर्शन, खाली रहीं कुर्सियां
पार्षद के चुनाव से पहले हुई इस यात्रा और जनसभा के दौरान पार्षद पद के दावेदारों में शक्ति प्रदर्शन की होड़ रही। राजीव वाटिका पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सभास्थल के लिए रवाना हुए। वहीं मंच पर बैठने के लिए होड़ रही। मंच पर कुर्सियां पड़ गईं। वहीं, जनसभा के दौरान कार्यकर्ताओं का आनाजाना लगा रहा, जिसकी वजह से कुर्सियां खाली भी रहीं।