Kanpur: एडीओ और सचिव का रिश्वतखोरी कांड, बरेली मंडल के अफसरों को सौंपी जांच, एक सप्ताह में मांगी है रिपोर्ट
Kanpur News: वीडियो को संज्ञान में लेते हुए अपर आयुक्त एवं अपर निबंधन सहकारिता ने दोनों को निलंबित कर दिया है। एडीओ को सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता गाजीपुर से संबद्ध किया गया है। सोसाइटी के सचिव को विकास भवन स्थित सहकारिता कार्यालय में संबद्ध किया गया है।
विस्तार
कानपुर के बिल्हौर में सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) का सचिव से रुपये लेते वीडियो वायरल होने के मामले में शासन ने दोनों को निलंबित कर दिया है। इस प्रकरण की जांच संयुक्त आयुक्त निबंधक बरेली मंडल को सौंपी गई है। उनसे एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट मांगी है।
बंसठी साधन सहकारी समिति के सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) अरविंद कुमार सिंह का एक वीडियो बीते दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में अरविंद कुमार सिंह, सचिव हरि नारायण से 500-500 के नोट लेते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं करता है।
दोनों को कर दिया है निलंबित
वीडियो को संज्ञान में लेते हुए अपर आयुक्त एवं अपर निबंधन सहकारिता ने उन्हें निलंबित कर दिया है। एडीओ को सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता गाजीपुर से संबद्ध किया गया है। सोसाइटी के सचिव को विकास भवन स्थित सहकारिता कार्यालय में संबद्ध किया गया है। सचिव हरि नारायण के पास गौरी लक्खा, गोगूमऊ और इटरा की सोसाइटी का चार्ज था। शासन ने संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक सहकारिता बरेली मंडल राजेश कुमार सिंह को जांच कर रिपोर्ट मांगी है।