Orai: लापता युवक का रक्तरंजित शव मिला, सिर पर लगा था खून...शरीर पर चोटें, परिजन बोले- बंद आने लगा था मोबाइल
Orai News: कैलिया थाना क्षेत्र में लापता युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार शाम से उसका नंबर स्विचऑफ आ रहा था।
विस्तार
उरई के कैलिया थाना क्षेत्र में एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। वह गुरुवार शाम से गायब था और उसका फोन स्विचऑफ आ रहा था। इस वजह से परिवार के लोग परेशान थे और उन्होंने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
कैलिया थाना क्षेत्र के रहने वाले मुन्नीलाल का बेटा आदित्य कुमार (25) अपने ताऊ तुलसीराम के साथ एट थाना क्षेत्र के बुआ गांव में रहता था। उसकी शादी हो चुकी है और दो बच्चे भी हैं। उसकी मां रामकली कुछ दिन से बीमार चल रही थीं। इस वजह से उन्हें दिखाने के लिए वह घर आया था।
परिजनों के अनुसार गुरुवार की शाम को उसके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई, जिसमें किसी दोस्त द्वारा उसे बुलाया गया था। उसके बाद वह चला गया। दो घंटे बाद जब उसके मोबाइल पर फोन लगाया, तो उसने कुछ ही देर में आने की बात कही। परिजनों के अनुसार उसके बाद जब कॉल लगाया, तो उसका मोबाइल बंद आने लगा।
सिर पर खून लगा था और शरीर पर चोटें थीं
इससे सभी परेशान हो गए और थाने में जाकर इसकी सूचना दी गई। शुक्रवार की दोपहर कैलिया थाना क्षेत्र के ही देवगांव मौजा के एक सरसों के खेत में उसका शव मिला। सिर पर खून लगा था और शरीर पर चोटें थीं। शव देकर लग रहा था कि युवक का गला दबाया गया और सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किया गया है।
खेत के पास ही खड़ी मिली बाइक
हत्या का मामला नजर आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। युवक की जेब से मोबाइल भी नहीं मिला है। बाइक खेत के पास ही खड़ी मिली और उसकी चाबी उसकी जेब में मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फोन का पता लगाकर सबसे पहले उन कॉल करने वाले व्यक्ति का पता लगाया जा रहा है।