हड़ताल खत्मः वायरल वीडियो से बैकफुट पर आए भाजपाईयों ने मांगी माफी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला अस्पताल के एक्सरे विभाग में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. इंद्र सिंह और डीआरए अरुण कुमार वर्मा पर मेडिकल रिपोर्ट के बदले रुपये मांगने का आरोप लगा भाजपाइयों ने मारपीट की थी। गुरुवार को रेडियोलॉजिस्ट ने भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्र, जिला महामंत्री रामचंद्र राजपूत और राजेश, पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेश सिंह, आकाश सिंह समेत 12 लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, जाति सूचक गालियां देने, मारपीट करने की तहरीर पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र को सौंपी थी।
शुक्रवार तक एफआईआर दर्ज न होने पर पीएमएस संघ के बैनर तले चिकित्सकों ने कार्य बहिष्कार कर दिया था। सोमवार को भी कार्य बहिष्कार सुबह से ही जारी था। इसी बीच भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री और आकाश सिंह जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रामवीर सिंह के कार्यालय पहुंचे। यहां प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. स्वामी दयाल, सचिव डॉ. शरद वैश्य, डॉ. प्रशांत रंजन, डॉ. शेर सिंह आदि की मौजूदगी में रेडियोलॉजिस्ट और डीआरए के साथ हुई घटना पर खेद जता माफी मांगी।
रेडियोलॉजिस्ट को थप्पड़ मारने वाले आकाश सिंह ने सार्वजनिक रूप से गलती स्वीकार की। भाजपा जिलाध्यक्ष ने चिकित्सकों को भरोसा दिलाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से भविष्य में इस तरह की कोई घटना नहीं होगी। पीएमएस संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. स्वामी दयाल और सचिव डॉ. शरद वैश्य ने बताया कि कार्य बहिष्कार स्थगित कर दिया गया है।
नजर नहीं आए अन्य आरोपी
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. इंद्र सिंह और डीआरए अरुण कुमार वर्मा के साथ मारपीट व अभद्रता करने के आरोपी पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्र, जिला महामंत्री रामचंद्र राजपूत और राजेश, टड़ियावां के पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेश सिंह सोमवार को मौके पर नजर नहीं आए। इसको लेकर कुछ चिकित्सकों ने आपत्ति भी जताई।
वायरल वीडियो से बैकफुट पर आए भाजपाई
मारपीट और चिकित्सक की तलाशी के वीडियो वायरल होने के कारण भाजपा नेता दबाव में थे। चिकित्सक भी वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की मांग पर अड़े थे। ऐसे में माफी मांगकर भाजपा जिलाध्यक्ष ने राजनीतिक परिपक्वता का परिचय दिया।