Farrukhabad: तमंचे के बल पर बाइक-नगदी लूटी, फिर बाइक सवार बदमाश हुए फरार, सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
Farrukhabad News: कंपिल थाना क्षेत्र में बदमाशों ने तमंचे के बल पर युवक से नगदी व बाइक लूट ली। सूचना पर पहुंची तीन थानों की पुलिस चार घंटे तक सीमा विवाद में ही उलझी रही।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के कंपिल थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने युवक का पीछा कर तमंचे के बल पर मारपीट कर नगदी व बाइक लूट ली। सूचना पर पहुंची तीन थानों की पुलिस सीमा विवाद मे चार घंटे उलझी रही। सुनवाई न होने पर पीड़ित युवक सड़क पर बैठ गया। थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर खुलासे के लिए टीम गठित कर दी है।
जनपद एटा के थाना अलीगंज के गांव गड़िया जगन्नाथ निवासी हितेंद्र सिंह की जनपद एटा की अलीगंज तहसील मे किराने की दुकान है। गुरुवार देर शाम वह दुकान बंद कर घर वापस जा रहे थे। कंपिल-अलीगंज मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाश हितेंद्र का पीछा करने लगे। क्षेत्र की सीमा मे गांव करनपुर के पास ब्रेकर पर हितेंद्र की बाइक धीमी होते ही बदमाशों ने हितेंद्र की बाइक मे लात मार कर गिरा दिया।
परिजनों ने सूचना 112 पुलिस को दी
इसके बाद तमंचे की नोक पर मारपीट कर हितेंद्र को घायल कर दिया। तीनों बदमाश युवक से दुकानदारी के 27 हजार रुपये, जरूरी कागजात, दुकान की चाबी व बाइक लूट कर अलीगंज की तरफ भाग गए। ग्रामीणों के फोन से हितेंद्र ने मामले की सूचना परिजनों को दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने मामले की सूचना 112 पुलिस को दी।
तीनों थानों की पुलिस सीमा विवाद मे उलझी रही
मौके पर पहुंचे अलीगंज सीओ सुधांशु शेखर, एसओ रामपुर पुलिस, कंपिल एसओ विश्वनाथ आर्या, सीओ जयसिंह परिहार ने जांच पड़ताल की। तीनों थानों की पुलिस सीमा विवाद मे उलझी रही। सुनवाई न होने पर हितेंद्र सड़क पर ही बैठ गया। मामला कंपिल थाने का निकला। हितेंद्र ने रात मे ही पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने जांच की बात कहकर हितेंद्र को घर भेज दिया।
खुलासे के लिए बना दी गई है टीम
शुक्रवार परिजनों के साथ थाने पहुंचे हितेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर एसओ विश्व नाथ आर्या को जांच सौंप दी है। एसओ विश्व नाथ आर्या ने बताया मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। खुलासे के लिए टीम बना दी गई है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज, जनपद की सीमा पर नहीं मौजूद थी पुलिस पिकेट
पुलिस ने तहरीर देने आए एक ग्रामीण के साथ घटना स्थल से कुछ दुरी पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। जनपद की सीमा पर रोड पर अन्य जगह भी फूटेज खगाले। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि कंपिल-अलीगंज मार्ग पर एटा-फर्रुखाबाद की सीमा है। जनपद की सीमा पर न ही एटा पुलिस थी और न ही कंपिल पुलिस मौजूद थी। देर शाम हुई घटना को पुलिस पिकेट की मौजूदगी से रोका जा सकता था।