Banda Murder: पौत्र ने बाबा का गला काटकर मार डाला, झाड़ियों के पास मिला शव, जमीन का चल रहा था विवाद
Banda News: मृतक किसान के मझले पुत्र महाप्रसाद ने बताया कि उसके पिता बुच्चूपाल उसके साथ रहते थे। पिता के नाम कनवारा बाईपास पर 12 बीघा जमीन है। उन्होंने अपने तीनों पुत्रों बड़े कामता पाल, महाप्रसाद व स्व. विजयपाल के नाम 15 साल पहले सवा दो-दो बीघा जमीन बांट दी थी।
विस्तार
बांदा जिले में जमीन के विवाद में पौत्र ने बाबा की बांके से गला काटकर हत्या कर दी। वृद्ध का शव घर से डेढ़ किलोमीटर दूर झाड़ियों के पास मिला। फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए। वृद्ध के दूसरे पुत्र की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र से पांच किलोमीटर दूर स्थित मवई बुजुर्ग गांव निवासी किसान बुच्चूपाल (80) सोमवार को सुबह अपने घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर शौच के लिए गया था। उसी समय उसके पौत्र छोटेपाल ने बांका से गला काटकर उनकी हत्या कर दी और भाग निकला।
ग्रामीणों ने बुच्चूपाल का शव पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी। मौके पर सीओ गवेंद्र पाल गौतम, शहर कोतवाल अनूप दुबे पहुंचे। मृतक के शरीर में बाएं पैर में और दाहिने हाथ में खरोंच के निशान भी थे। पुलिस ने हत्यारोपी पौत्र छोटेपाल को गांव से ही गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर आला कत्ल बांका भी बरामद किया गया है।
15 साल पहले सवा दो-दो बीघा जमीन बांट दी थी
मृतक किसान के मझले पुत्र महाप्रसाद ने बताया कि उसके पिता बुच्चूपाल उसके साथ रहते थे। पिता के नाम कनवारा बाईपास पर 12 बीघा जमीन है। उन्होंने अपने तीनों पुत्रों बड़े कामता पाल, महाप्रसाद व स्व. विजयपाल के नाम 15 साल पहले सवा दो-दो बीघा जमीन बांट दी थी।
एक करोड़ नौ लाख रुपये में एग्रीमेंट कराया
दो माह पहले शेष जमीन में चार बीघा 11 बिस्वा के लिए शहर के कारोबारियों से तीन साल का प्लॉटिंग के लिए एक करोड़ नौ लाख रुपये में एग्रीमेंट कराया था। इस एग्रीमेंट में पिता को 22 लाख रुपये मिले थे।बड़ा पुत्र कामता व उसका बेटा हत्यारोपी छोटेपाल जमीन के हिस्से में आधी जमीन चाह रहे थे।
हत्यारोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
साथ ही, एग्रीमेंट में मिले 22 लाख रुपये में 11 लाख रुपये मांग रहे थे। इसको लेकर दो माह से पिता बुच्चूपाल से प्रतिदिन विवाद हो रहा था। इसी विवाद के चलते कामता के पुत्र छोटेपाल ने बुच्चूपाल की हत्या की है। सीओ सिटी गवेंद्र पाल गौतम ने बताया कि हत्यारोपी को गिरफ्तार किया गया है।
आला कत्ल साथ लेकर पहुंचा चौकी
वृद्ध की किसान बुच्चूपाल की हत्या के मामले में मंझले पुत्र महाप्रसाद पाल ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी पौत्र छोटेपाल आला कत्ल बांका के साथ चौकी कृषि विश्वविद्यालय पहुंच गया था। वहां उसने खुद पुलिस को समर्पण कर दिया था। उधर, शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।