बांदा: होमगार्ड की मां से लूट और मारपीट, रास्ता पूछने के बहाने की वारदात, इलाज के दौरान तोड़ा दम, जांच शुरू
Banda News: अतर्रा कोतवाली क्षेत्र स्थित खम्हौरा गांव में शुक्रवार देर शाम खेत गईं 70 वर्षीया होमगार्ड की मां से रास्ता पूछने के बहाने लूट और जानलेवा मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल वृद्धा ने सीएचसी में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस जांच में जुट गई है।
विस्तार
बांदा जिले में अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के गांव खम्हौरा में शुक्रवार की रात अज्ञात बदमाश ने रास्ता पूछने के बहाने होमगार्ड की मां के साथ लूट की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। मारपीट से घायल वृद्धा की सीएचसी में मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है। खम्हौरा निवासी किशोरी (70) शुक्रवार की देर शाम अपने खेत की देखभाल करने के लिए गई थी।
तभी वहां एक बदमाश ने रास्ता पूछने के बहाने उसके पास गया और उसका गला दबाते हुए नाक में पहनी सोने की बाली को छीन लिया। महिला ने विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की। महिला गंभीर हालत में बेहोश हो गई। इस बीच बदमाश मौके से भाग निकला। कुछ देर बाद वह होश में आई और करीब 200 मीटर चलकर रास्ते के पास आई। पड़ोसी किसान ने उसे घायल अवस्था में देखा, तो उसके घर ले गया।
हत्या व लूट की दी है तहरीर
वहां महिला ने अपने साथ लूट और मारपीट की जानकारी दी। परिजन उसे निजी वाहन से सीएचसी ले गए। वहां इलाज के दौरान देर रात महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका के पास एक बीघा खेत हैं। दो पुत्र हैं और एक पुत्र की मौत हो चुकी है। एक पुत्र होमगार्ड है। पति का निधन हो चुका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों की ओर से अतर्रा कोतवाली में हत्या व लूट की तहरीर दी है। अतर्रा कोतवाली इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।