UP: बांदा में झारखंड की युवती से हैवानियत, तीन युवकों ने बंधक बनाकर किया गैंगरेप, जेवर-नकदी भी लूटे…जांच शुरू
Banda News: झारखंड की एक युवती ने बांदा के तीन युवकों पर शादी का झांसा देकर सामूहिक दुष्कर्म और लूट का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
बांदा जिले में हैदराबाद की एक कैंटीन में काम करने वाली युवती को मरका थाना क्षेत्र के अरमार गांव के तीन युवक बरगलाकर अपने साथ ले आए। उसे बंधक बनाकर अपने साथ रखते हुए शादी का झांसा देकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि अब उसे जान से मार देने की धमकी दी जा रही है।
झारखंड प्रांत के जनपद लोहरदगा के एक गांव निवासी पीड़िता ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा। बताया कि वह हैदराबाद में रहकर कैंटीन में काम करती थी। वहां रहने वाले मरका थाना क्षेत्र के अरमार गांव निवासी तीन युवक उसे बरगलाकर अप्रैल 2025 में बांदा ले आए।
जान से मारने की दी धमकी
अपने गांव ले जाने के बाद शादी का झांसा देकर उसके दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। जब उसने शादी करने की बात कही, तो मारपीट की गई और जानमाल की धमकी दी गई। इस दौरान वह पांच अगस्त को जान बचाकर फतेहपुर चली गई।
जांच में जुटी पुलिस
पीड़िता ने एसपी को बताया कि उसके बैंक खाते में पड़े 90 हजार रुपये और जेवर छीन लिए गए। युवती ने कहा कि उसकी दूसरी शादी कराने की बात भी आरोपियों ने कही। उसकी किसी भी समय हत्या की जा सकती है। पीड़िता ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई की मांग की है। एसपी पलाश बंसल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
