बांदा: स्टेशन पर पांच तस्कर गिरफ्तार, ट्रॉली-बैग्स में छिपाकर ले जा रहे थे 92.934 किलो गांजा, रिपोर्ट दर्ज
Banda News: बांदा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी और क्राइम विंग झांसी की संयुक्त टीम ने पांच अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से आठ ट्रॉली व बैगों में छिपाकर रखा गया 92.934 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
विस्तार
बांदा जिले में रेलवे स्टेशन पर बुधवार को आरपीएफ, जीआरपी और क्राइम विंग झांसी की संयुक्त टीम ने पांच अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से आठ ट्रॉली और बैगों में रखा 92.934 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 46.46 लाख रुपये आंकी गई है।
आरपीएफ की निरीक्षक सुरुचि द्विवेदी के नेतृत्व में टीम ऑपरेशन नारकोस के तहत स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान क्राइम विंग झांसी से मिली सूचना पर ट्रेन नंबर 18203 बेतवा एक्सप्रेस के ए-1 कोच में तलाशी ली गई। प्लेटफार्म नंबर एक पर आरएमएस डाकघर के सामने पांचों आरोपियों को दोपहर एक बजे गांजे के साथ पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ के रायपुर से गांजा लेकर कानपुर के घाटमपुर जा रहे थे। वहां किसी अज्ञात व्यक्ति को खेप सौंपनी थी। गिरफ्तार आरोपियों में ललितपुर के निवाहों गांव निवासी आनंद नागाईच (26) और उसकी पत्नी नेहा (24), उरई के राजेंद्र नगर निवासी अतुल सोनी (40) और उसकी पत्नी मीनाक्षी (34) और छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा निवासी मधु पांडे (20) शामिल हैं।
पुलिस ने गांजा जब्त कर पांचों के खिलाफ जीआरपी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में आरपीएफ निरीक्षक सुरुचि द्विवेदी, कांस्टेबल सतीश कुमार यादव और तेज सिंह, क्राइम विंग झांसी के उपनिरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षी तौसीफ खान और आरक्षी गुरमीत सिंह तथा जीआरपी निरीक्षक हरिनाथ सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह व अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।
