{"_id":"696ba454b4e26698140be83a","slug":"banda-a-young-man-was-murdered-and-his-body-dumped-in-a-forest-2026-01-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Banda: युवक की हत्या कर शव जंगल में फेंका, शिनाख्त नहीं, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Banda: युवक की हत्या कर शव जंगल में फेंका, शिनाख्त नहीं, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
Sat, 17 Jan 2026 08:35 PM IST
शिखा पांडेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांदा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांदा
Published by: शिखा पांडेय
Updated Sat, 17 Jan 2026 08:35 PM IST
विज्ञापन
केन नदी के पास झाड़ियों के पास पड़ा शव, मौजूद ग्रामीणों की भीड़ व पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के जमवारा गांव से एक किमी दूर केन नदी किनारे झाड़ियों के पास एक 45 वर्षीय अज्ञात युवक का शव क्षत विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया है। कोतवाली पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
विज्ञापन
शनिवार को गांव के चरवाहों ने केन नदी के रास्ते में झाड़ियों के पास एक अज्ञात 45 वर्षीय युवक का शव पड़ा देखा तो इसकी जानकारी उन्होंने गांव में दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव को देखा और कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। शव की तलाशी ली तो जेब से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। काफी देर तक शिनाख्त न होने पर शव को सुरक्षित रखवाया गया है। शव पर हरे रंग की जैकेट, काली जींस व मफलर मिला है।
विज्ञापन
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि शव की स्थिति और चेहरे व शरीर पर मिले गहरे घावों से स्पष्ट है कि युवक की धारदार हथियार से हत्या की गई है। मृतक के चेहरे और सिर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के थानों को सूचना भेजकर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। जहां पर शव मिला है वहां से गांव की दूरी एक किमी के आसपास है। टीमें गठित की गईं हैं।
विज्ञापन