बांदा: भूसा रखने के कमरे में घुसी मादा तेंदुआ, टीम ने ट्रेंकुलाइज कर किया रेस्क्यू, खुले जंगल में छोड़ा जाएगा
Banda News: रैकरा गांव में सोमवार दोपहर एक घर के भूसा रखने वाले कमरे में चार साल की मादा तेंदुआ घुस गई। रात तक चले इंतजार के बाद वन विभाग और पन्ना टाइगर रिजर्व की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर बाहर निकाल लिया।
विस्तार
बांदा जिले में पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र के दक्षिण पन्ना वन मंडल अंतर्गत रैकरा गांव में सोमवार दोपहर एक मादा तेंदुआ घर के भूसा रखने वाले कमरे में घुस गई। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे तक तेंदुए के खुद बाहर निकलने का इंतजार किया गया, लेकिन वह कमरे से बाहर नहीं आई। आखिरकार वन विभाग की टीम ने उसे ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू किया।
मामला 16 नवंबर का है। सिमरिया तहसील के रैकरा गांव में दमोह सीमा के पास स्थित एक घर के भूसा भंडारण कक्ष में दोपहर करीब 2:30 बजे चार साल की मादा तेंदुआ घुस गई। जानकारी मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर जुटी भीड़ को नियंत्रित करने में सहयोग किया। वन विभाग की पहली कोशिश तेंदुए को बिना बेहोश किए बाहर निकालकर जंगल की ओर भेजने की थी।
ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित बाहर निकाला
इसके लिए कमरे से बाहर निकलने का रास्ता दिया गया और पिंजरा भी लगाया गया। रात नौ से 10 बजे तक टीम उसके बाहर आने का इंतजार करती रही, लेकिन तेंदुआ कमरे से बाहर नहीं निकली। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पन्ना टाइगर रिजर्व के स्क्वाड लीडर डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि मादा तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल उसे स्वास्थ्य परीक्षण के लिए एक दिन निगरानी में रखा गया है।
खुले जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा
इसके बाद सुरक्षित वन क्षेत्र के खुले जंगल में छोड़ दिया जाएगा। डीएफओ अनुपम शर्मा ने बताया कि वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सतर्कता के साथ पूरी कार्रवाई सुरक्षित तरीके से संपन्न की। रेस्क्यू में दक्षिण पन्ना वन मंडल की एसडीओ रचना शर्मा, महोद्रा रेंज के अधिकारी राहुल मिश्रा, स्थानीय वन अमले और पन्ना टाइगर रिजर्व के स्क्वाड के तफसीर खान समेत अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। पूरा अभियान स्क्वाड लीडर डॉ. संजीव कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में चलाया गया।
