जालौन: 108 एम्बुलेंस ने बचाने की जगह ले ली जान, घायल को ले जा रही थी अस्पताल, परिजनों में मचा कोहराम
कालपी में हुए एक हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जा रही 108 एम्बुलेंस रास्ते में खराब हो गई। दूसरी एम्बुलेंस का इंतजाम जब तक होता, युवक की मौत हो गई।
विस्तार
जालौन जिले के कालपी में शुक्रवार रात कार की टक्कर से घायल बाइक सवार युवक को जिला अस्पताल ले जा रही 108 एंबुलेंस रास्ते में खराब हो गई। आधे घंटे तक दूसरी एंबुलेंस के न आने पर घायल ने एंबुलेंस में तड़पकर दम तोड़ दिया।
चौरासी गुंबद के पास लंगरपुर डेरा निवासी कुंदन सिंह दूध बेचने का काम करते हैं। शुक्रवार की रात वह दूध देकर बाइक से घर आ रहे थे। हाईवे पार करते समय कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एनएचएआई की एंबुलेंस ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से कुंदन को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस (यूपी 32 ईजी 0223) कुंदन को लेकर उरई के लिए रवाना हुई।
करीब आधा किलोमीटर जाने के बाद ही एंबुलेंस एमएसवी इंटर कॉलेज के सामने बंद हो गई। चालक मनीष कुमार ने परिजनों को बताया कि क्लच खराब हो गया है। परिजनों ने 108 पर दोबारा कॉल कर मदद की गुहार लगाई। आधे घंटे तक दूसरी एंबुलेंस मौके पर नहीं आई।
तब तक घायल युवक ने एंबुलेंस में ही तड़प कर दम तोड़ दिया। डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि मामला गंभीर है। किस स्तर पर लापरवाही हुई है। इस बारे में जानकारी कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।