Auraiya: छुट्टा मवेशियों का आतंक, राहगीर हो रहे हादसों का शिकार, लोग बोले-आए दिन हादसे का शिकार हो रहे लोग
Auraiya News: एरवाकटरा क्षेत्र में छुट्टा मवेशियों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे सड़कों पर यातायात बाधित हो रहा है और राहगीर लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इन मवेशियों को पकड़वाने की मांग की है।
विस्तार
औरैया जिले के एरवाकटरा क्षेत्र में छुट्टा मवेशियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। ये मवेशी सड़कों पर घूमते और झुंड में खड़े होकर यातायात को बाधित करते हैं, जिससे आए दिन राहगीर हादसों का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
शाम होते ही कटरा चौराहे समेत अन्य सड़कों पर मवेशियों का झुंड लग जाता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है। हाल ही में कन्नौज का एक बाइक सवार युवक और देईपुर गांव का विपिन कुमार गुप्ता छुट्टा मवेशियों की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं।
जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग
एक और घटना में, दो सांड़ आपस में लड़ते हुए एक दुकान में घुस गए, जिससे वहां भगदड़ मच गई और दुकानदार को जान बचाकर भागना पड़ा। स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या को जल्द से जल्द हल करने और आवारा मवेशियों को पकड़वाने की मांग की है।