Auraiya: विवेचना में लापरवाही पर दिबियापुर थाने के दरोगा निलंबित, वीडियो वायरल कर बोले- बिना जांच की कार्रवाई
Auraiya News: विवेचना में लापरवाही बरतने के आरोप में दिबियापुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने निलंबित कर दिया है। कार्रवाई सीओ की लिखित शिकायत के आधार पर की गई। मामले की जांच सीओ बिधूना को सौंपी गई है।
विस्तार
दिबियापुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार को मुकदमों की विवेचना में शिथिलता और घोर लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक भारती ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सीओ सदर की लिखित शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने यह सख्त रुख अपनाया है। फिलहाल इस पूरे मामले की विभागीय जांच सीओ बिधूना को सौंपी गई है, जिन्हें जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
धारा 163 व 164 के बयान में लापरवाही पर गिरी गाज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिबियापुर थाने में तैनात दरोगा राजेंद्र कुमार पर पीड़िता के धारा 163 और 164 के तहत महत्वपूर्ण बयान दर्ज करने में देरी करने और विवेचना में लापरवाही बरतने का आरोप लगा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर ने एसपी अभिषेक भारती से दरोगा की लिखित शिकायत की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसपी ने कार्रवाई की और जांच सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्रा को सौंप दी।
सोशल मीडिया पर दरोगा का वीडियो वायरल, लगाए गंभीर आरोप
निलंबन की कार्रवाई के बाद शुक्रवार शाम को दरोगा राजेंद्र कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में दरोगा सफाई देते हुए कह रहे हैं कि पीड़िता को नशीला पदार्थ खिलाकर उसका अपहरण किया गया था और वह होश में नहीं थी।
उन्होंने दावा किया कि मामले में धारा 140 गलत लगाई गई थी और सीओ ने बिना किसी प्राथमिक जांच के ही एसपी से उनकी शिकायत कर दी। दरोगा ने आरोप लगाया है कि उनका पक्ष सुने बिना और बिना जांच कराए ही उन्हें निलंबित कर दिया गया है।