Auraiya: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली…CHC में भर्ती, ये सामान हुआ बरामद
Auraiya News: फफूंद-छछूंद रोड पर हुई मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी और घाटमपुर गोलीकांड व हत्या के मुख्य आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और बाइक बरामद की है।
विस्तार
औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक बजे फफूंद-छछूंद रोड स्थित अंधियारी पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश रजनेश को गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। पकड़ा गया बदमाश रजनेश कुछ दिन पूर्व घाटमपुर पुलिया के पास हुए गोलीकांड का मुख्य आरोपी है। इस मामले में पुलिस पहले तीन अरोपियों सुखानी व गौतम व सुखदेव को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे हरनरायनपुर निवासी विपिन यादव अपने साथी प्रशांत उर्फ शिवा के साथ अछल्दा बाजार से बाइक से घर लौट रहा था। जब वह घसारा गांव से कुछ दूरी पर घाटमपुर पुलिया के पास पहुंचा। तभी रजनेश, रॉकी, सुखानी, राहुल व 10 अज्ञात बदमाशों ने बाइक सवार दोनों दोस्तों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली विपिन के हाथ में लगी, जिससे वह घायल होकर किसी तरह गिर गया और मौका पाकर घर पहुंचा और परिजनों की मदद से पुलिस को सूचना दी।
तीसरे दिन बरामद किया था शव
मौके से भागे उसके साथी शिवा का घर के बाहर से अपहरण कर उसकी गोली मार कर हत्या कर दी गई। इसके बाद में शव धान के खेत में फेंक गए थे। उसका शव तीसरे दिन बरामद किया था। मृतक प्रशांत उर्फ शिवा की मां प्रतिमा देवी ने नौ नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, जिसमें रजनेश रौकी, सुखानी, राहुल, जयकेश, सुखदेव, गौतम, बलवीर सुखानी का चचेरा भाई कुलदीप (फिरोजाबाद पुलिस कर्मी) के खिलाफ रिपोर्ट कराया था।
पुलिस के रोकने पर कर दी फायरिंग
कुलदीप का नाम भी सामने आया, जो आरोपियों को कानूनी और आर्थिक मदद पहुंचा रहा था। पुलिस ने उसकी कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अलोक मिश्रा ने बताया कि घाटमपुर पुलिस के पास हुई घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। गुरुवार रात लगभग 1 बजें चेकिंग के दौरान फफूंद-छछूंद रोड पर अंधियारी पुलिया के पास रोकने प्रयास किया गया, लेकिन बाइक सवार बझेरा गांव की तरफ भागने लगी और पुलिस के रोकने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
घायल बदमाश को सीएचसी अछल्दा भेजा
इससे पुलिस ने गाड़ी छीपकर आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रजनेश के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध 12 बोर का तमंचा, एक कारतूस व खोखा और बिना नंबर की डिस्कवर बाइक बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि गिरफ्तार बदमाश रजनेश पर हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे छह संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से फरार था। घायल बदमाश को सीएचसी अछल्दा भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई।