Auraiya Fire: दो झोपड़ियों में अचानक लगी आग, डेढ़ घंटे में ग्रामीणों ने पाया काबू, नकदी समेत गृहस्थी जलकर राख
Auraiya News: फफूंद थाना क्षेत्र में दो झोपड़ियां आग लगने की वजह से जलकर राख हो गईं। हादसे में नकदी समेत गृहस्थी का सामान जल गया। ग्रामीणें ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हैंडपंप और सबमर्सिबल से आग पर काबू पाया।
विस्तार
औरैया जिले में फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव में एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। शोरगुल सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक गृहस्थी का सारा सामान और गल्ला जलकर राख हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव मुढ़ी निवासी लज्जाराम बेहद गरीब है और गांव में झोपड़ी में परिवार के साथ रहता है। वहीं, पड़ोस में ही परिवार के सूबेदार भी झोपड़ी डालकर रहता है। सोमवार की रात लज्जाराम अपनी पत्नी शारदा के साथ खेत की रखवाली करने गया था।
तभी रात में उसकी झोपड़ी में अचानक से आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पड़ोस में सूबेदार की झोपड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय सूबेदार अपने परिवार के साथ झोपड़ी में सो रहा था। आग की तपिश से उसकी आंख खुली, तो चारों तरफ आग की लपटें दिखाई दीं।
हैंडपंप और सबमर्सिबल से आग पर पाया काबू
इस पर उसने शोर मचाते हुए परिवार के सभी लोगों को जगाकर किसी तरह से बाहर निकाला। सूबेदार की पत्नी अर्चना ने झोपड़ी में बंधे मवेशियों को भी बाहर किया। शोर सुनकर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। आसपास के मकानों में लगे हैंडपंप और सबमर्सिबल से आग पर पानी डालकर बुझाने में जुट गए।
दोनों झोपड़ियों की गृहस्थी जलकर राख
लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन इस बीच आग ने दोनों झोपड़ी व उसमें रखा गृहस्थी का सामान, 10 हजार रुपये की नकदी, चारपाई, रजाई, गद्दा, कपड़े, गेहूं, भूसा व एक बोरी सरसों आदि सब जलकर राख हो गए।
लेखपाल ने किया नुकसान का आंकलन
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गजेंद्र सिंह की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल स्वाति विश्नोई मौके पर पहुंची और आग से हुए नुकसान का आंकलन किया। लेखपाल ने बताया की आंकलन के बाद रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। पीड़ितों की हर संभव मदद की जाएगी।