औरैया: रक्षाबंधन पर बाजारों में उमड़ी भीड़, यातायात पुलिस ने संभाला मोर्चा; जाम में फंसी एंबुलेंस को कराया पास
Auraiya News: रक्षाबंधन पर्व के चलते शुक्रवार को औरैया के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। सुभाष चौराहे पर जाम में एक मरीज से भरी एंबुलेंस के फंसने पर यातायात प्रभारी हामिद हुसैन ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए रास्ता खाली कराया और एंबुलेंस को सुरक्षित रवाना किया।
विस्तार
औरैया जिले में रक्षाबंधन पर्व को लेकर शुक्रवार को शहर के बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राखी, मिठाई और कपड़ों की दुकानों पर लोगों का तांता लगा रहा, जिससे शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात का दबाव अचानक बढ़ गया।
त्योहार के मद्देनजर जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। यातायात प्रभारी हामिद हुसैन अपनी टीम के साथ खानपुर चौराहा और सुभाष चौराहा समेत शहर के मुख्य बिंदुओं पर खुद कमान संभालते दिखे। पुलिसकर्मी लगातार वाहनों को कतारबद्ध करवाकर यातायात सुचारु कराने में जुटे रहे।
एंबुलेंस को देख हरकत में आए टीआई, तत्काल खाली कराया रास्ता
भीड़ के कारण सुभाष चौराहे पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसी बीच दिबियापुर की ओर से आ रही एक मरीज से भरी एंबुलेंस जाम में फंस गई। मामला भांपते ही यातायात प्रभारी अख्तर हुसैन ने मुस्तैदी दिखाई और अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचकर रास्ता खाली कराया और एंबुलेंस को सुरक्षित आगे बढ़वाया।
माइक से अलर्ट करते रहे, अवैध पार्किंग पर सख्त निर्देश
सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित न हो, इसके लिए यातायात प्रभारी खुद अपनी गाड़ी से माइक के जरिए अनाउंसमेंट कर चालकों को वाहन हटाने की हिदायत देते दिखे। उन्होंने मातहतों को सख्त निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी मार्ग पर अनावश्यक जाम न लगने पाए और आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाए।