Auraiya: नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा…जांच शुरू
Auraiya News: अटसू कोतवाली क्षेत्र में नीम के पेड़ से युवक का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है और न ही किसी प्रकार का आरोप लगाया गया है।
विस्तार
औरैया जिले में अटसू कोतवाली क्षेत्र के सुअटपुर गांव के पास एक खेत के किनारे नीम के पेड़ से युवक का शव फंदे पर झूलता मिला। परिजनों की सूचना से घटनास्थल पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी सहित फॉरेंसिक टीम ने शव को फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के सुअटपुर निवासी आदिराम सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके परिवार में पत्नी पप्पी व पुत्र कुलदीप, विवेक उर्फ प्रवीण और आशिक हैं।
मृतक विवेक उर्फ प्रवीण (20) मुकेश सिंह यादव महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। परिजनों के अनुसार वह लगभग एक माह पूर्व राजस्थान से घर आया था, जहां वह रहकर पढ़ाई व कार्य कर रहा था। घर लौटने के बाद वह उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ था। बीते शनिवार की शाम विवेक उर्फ प्रवीण पड़ोसी गांव नगला भोज स्थित एक डेयरी पर दूध देकर घर वापस आया था। इसके बाद उसने शौच जाने की बात कही और खेतों की ओर चला गया।
नीम के पेड़ पर लटका मिला शव
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए परिजन गांव के ही वरनाम सिंह के खेत तक पहुंचे, जहां नीम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से फांसी के फंदे पर युवक का शव लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। तत्काल पीआरबी 112 पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली के क्राइम प्रभारी रामचंद्र वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही, अटसू चौकी इंचार्ज रामपुत्र भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का लग रहा है मामला
पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। क्षेत्राधिकारी अजीतमल मनोज गंगवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है और न ही किसी प्रकार का आरोप लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। तहरीर प्राप्त होने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।