Kanpur: सोना लेकर भागे कारीगर ने खरीदा था 30 लाख का फ्लैट, मकान मालिक को सुनाई थी ससुर की बीमारी की कहानी
Kanpur News: गोविंदनगर थाना क्षेत्र में ज्वैलर्स से लाखों का सोना लेकर भागे कारीगर ने 30 लाख का फ्लैट खरीदा था। कारीगर फ्लैट में फर्नीचर का काम करवा रहा था। जांच में पता चला है कि आरोपी ने मकान मालिक को ससुर की बीमारी की कहानी सुनाई थी।
विस्तार
कानपुर में गोविंदनगर स्थित सेठ राधा कृष्ण ज्वैलर्स से 28 लाख का सोना व सोने के आभूषण लेकर भागे कारीगर रज्जन ने क्षेत्र के बी-ब्लॉक स्थित एक अपार्टमेंट में 30 लाख कीमत का एक फ्लैट खरीदा है। फरार होने से पहले रज्जन उस फ्लैट में फर्नीचर का काम करवा रहा था।
फिलहाल फ्लैट में ताला लगा है। जांच में पता चला है कि अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट इलाके के रहने वाले राजू नामक व्यक्ति का था। रज्जन ने फ्लैट खरीदने के लिए पहले 5 लाख रुपये का एडवांस दिया था। इसके बाद और पैसा दिया।
मोबाइल की सीडीआर निकाली गई
फिर फ्लैट पर कब्जा मिलने के बाद उसमें अपनी जरूरतों के हिसाब से काम करवाना शुरू कर दिया। गोविंदनगर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि फरार कारीगर रज्जन,पोतू और सुप्रीत के मोबाइल की सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) निकाली गई है। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मकान मालिक को सुनाई थी ससुर की बीमारी की कहानी
सराफा कारोबारी सुरेंद्र कुमार वर्मा ने जिस दिन रज्जन से गहनों के बारे में पूछताछ की, उसी दिन दोपहर में वह घर गया और पत्नी व दोनों बच्चों को साथ लेकर फरार हो गया। जाते समय मकान मालिक ने टोका तो आरोपी ने ससुर की तबीयत खराब होने की कहानी बता दी।