दर्दनाक: अज्ञात वाहन ने वृद्धा को मारी टक्कर, आठ किलोमीटर तक फंसकर घिसटी...मौत, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Hardoi News: कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
विस्तार
हरदोई जिले में बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर निहालपुरवा के सामने शौच के लिए जा रही वृद्धा को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वृद्धा वाहन में फंस गई। लगभग आठ किलोमीटर तक वृद्धा वाहन में फंसकर घिसटती चली गई। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के खांदी मोड़ के पास वृद्धा का शव वाहन से छूटकर गिर गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में कन्नौज मार्ग पर निहालपुरवा गांव है, जो सड़क किनारे ही बसा है। निहालपुरवा निवासी फूलमती (60) बुधवार रात लगभग नौ बजे शौच जाने के लिए निकली थी। बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर अज्ञात वाहन ने फूलमती को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद फूलमती वाहन में ही फंस गई। लगभग आठ किलोमीटर दूर कन्नौज मार्ग पर मेंहदीघाट के पुल से पहले खांदी मोड़ के पास उसका शव वाहन से छूटकर गिर गया। वापस घर न पहुंचने पर वृद्धा के परिजनों ने उसकी तलाश की। इसी दौरान राहगीरों से खांदी मोड़ के पास शव पड़ा होने की जानकारी मिली।
शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आनन फानन परिजन वहां पहुंचे और शिनाख्त कर ली। यहीं से पुलिस को सूचना दी, तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के पौत्र तौलाराम ने बताया कि किसी वाहन ने टक्कर मारी और फिर दादी उसी वाहन में फंस गईं। इसी के चलते उनकी मौत हो गई।