Kanpur: प्रधान की शह पर विकास दुबे की जमीन कब्जाने का किया था प्रयास, पत्नी ने ककवन थाने में दी तहरीर
Kanpur News: इस मामले में ऋचा दुबे ने गुरुवार को ककवन थाने में तहरीर भिजवाई। इसमें उन्होंने ग्राम प्रधान समेत चार अन्य पर ही पेड़ कटवाने और जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया।
विस्तार
कानपुर में बिकरू कांड के आरोपी रहे विकास दुबे की गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त की गई जमीन पर ग्राम प्रधान की सह पर दबंगों ने कब्जा करने का प्रयास किया था। दबंगों ने जब्त की गई जमीन पर लगे यूकेलिप्टस पेड़ काट डाले थे। दशहतगर्द की पत्नी ऋचा दुबे ने शुक्रवार को ककवन थाने पहुंचकर ग्राम प्रधान व उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई करने की तैयारी में है।
नौ पुलिस कर्मियों की हत्या के बाद मुठभेड़ में मारे गए विकास दुबे की ककवन की सकरवां गांव स्थित एक जमीन को पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त किया गया था। इस जमीन पर कुछ समय पूर्व दस साल पुराने यूक्लिपटस पेड़ों को काटा गया था। मामला संज्ञान में आने के बाद ऋचा दुबे ने दिल्ली से कॉल करके तहसील अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार को एक टीम मौके पर पहुंची। पेड़ कटाई का काम रुकवाया और कटी हुई लकड़ियां ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में दे दी थी।
मामले की जांच में जुटी है पुलिस
इस मामले में ऋचा दुबे ने गुरुवार को ककवन थाने में तहरीर भिजवाई। इसमें उन्होंने ग्राम प्रधान समेत चार अन्य पर ही पेड़ कटवाने और जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया। कहा कि आरोपी ने चार साल पहले भी जमीन पर दूसरे व्यक्ति के जरिए कब्जा करने का प्रयास किया था। कहा कि जमीन प्रशासन की कस्टडी में हैं और उसके कस्टोडियन तहसीलदार खुद है। ऐसे में जमीन पर कब्जा करने और पेड़ काटने के आरोपी प्रधान व उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाए। ऋचा की शिकायत पर अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ऋचा दुबे ने ककवन थाने में तहरीर दी है। मामले की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -राजेश कुमार सिंह, डीसीपी पश्चिम